सीजी भास्कर, 21 जनवरी। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में मुठभेड़ में जवानों ने 14 नक्सलियों को मार गिराया है। सभी के शव और हथियार बरामद कर लिए गए हैं। आपको बता दें कि रविवार रात से आज सुबह तक रुक-रुककर फायरिंग हो रही है। कुल्हाड़ी घाट स्थित भालू डिग्गी जंगल में 1 हजार जवानों ने 60 नक्सलियों को घेर रखा है।
![](https://cgbhaskar.com/wp-content/uploads/2025/01/1003533628.jpg)
छत्तीसगढ़ और ओडिशा की ओर से यह जॉइंट ऑपरेशन चलाया गया था। इसमें 10 टीम एक साथ निकली जिसमें 3 टीम ओडिशा से, 2 टीम छत्तीसगढ़ पुलिस से और 5 CRPF टीम ऑपरेशन में शामिल है। रविवार को जवान क्षेत्र में सर्चिग अभियान पर निकले थे, तभी नक्सलियों ने उन पर हमला किया। मुठभेड़ की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मैनपुर पहुंच गए हैं। सुरक्षा के लिहाज से भाटीगढ़ स्टेडियम को छावनी में तब्दील कर दिया गया था। इलाके में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात है। अब तक 3 IED भी बरामद किए गए हैं। इस मुठभेड़ में कोबरा बटालियन का एक जवान घायल हुआ है जिसे एयरलिफ्ट कर रायपुर लाया गया है। कल 2 नक्सलियों के मारे जाने की जानकारी सामने आई थी। गरियाबंद एसपी निखिल राखेचा, ओडिशा के नुआपाड़ा एसपी राघवेंद्र गूंडाला, ओडिशा डीआईजी नक्सल ऑपरेशन अखिलेश्वर सिंह और कोबरा कमांडेंट डीएस कथैत इसकी मॉनिटरिंग कर रहे हैं।
![](https://cgbhaskar.com/wp-content/uploads/2025/01/1003533629.jpg)