सीजी भास्कर, 13 नवंबर। रायपुर दक्षिण विधानसभा सीट पर शाम 5 बजे तक 46.43 प्रतिशत मतदान हुआ है। रायपुर दक्षिण के अधिकतर बूथों पर कम मतदाता पहुंच रहे हैं। वहीं मठपुरेना के मतदान केंद्र में सुबह से वोट डालने के लिए कतार लगी रही।
मिली जानकारी के अनुसार नयापारा पोलिंग बूथ पर पास-पास खड़े होने को लेकर बीजेपी और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच विवाद हो गया था। इस दौरान कार्यकर्ताओं में तीखी बहसबाजी शुरू हो गई। हल्ला होने के बाद पुलिस ने दोनों पार्टी के कार्यकर्ताओं को मतदान केंद्र से खदेड़ दिया। रायपुर दक्षिण विधानसभा सीट से मुख्य मुकाबला भाजपा प्रत्याशी सुनील सोनी और कांग्रेस से आकाश शर्मा के बीच है। सुनील ने शुभ मुहूर्त में मतदान किया तो कांग्रेस प्रत्याशी आकाश शर्मा ने पंडित सुंदरलाल शर्मा स्कूल में वोट डाला। रायपुर दक्षिण सीट से 30 प्रत्याशी मैदान में हैं तथा 2 लाख 71 हजार से ज्यादा वोटर हैं। 23 नवंबर को इसके नतीजे आएंगे।