सीजी भास्कर, 01 जून : बालोद जिले के दल्लीराजहरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पथराटोला में घरेलू विवाद (Balod Suicide Case ) के बाद एक 26 वर्षीय युवक की मौत का मामला सामने आया है। युवक का शव गांव के पास एक बेर के पेड़ पर फंदे से लटका हुआ मिला। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार ग्राम पथराटोला के निचेपारा तालाब के समीप रहने वाला हेमंत कुमार पिस्दा (26 वर्ष) रविवार शाम अपने घर से प्लास्टिक की नेवाड़ रस्सी लेकर निकला था। ग्रामीणों ने बताया कि घर में किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद वह नाराज होकर घर से चला गया। देर रात करीब 8 से 9 बजे के बीच उसने गांव के बाहर स्थित एक बेर के पेड़ पर फांसी लगा ली।
कुछ समय बाद वहां से गुजर रहे ग्रामीणों की नजर पेड़ पर लटके शव पर पड़ी। घटना की सूचना तत्काल दल्लीराजहरा पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।
पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना के सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।




