सीजी भास्कर, 03 जून : भाजपा सरकार के गठन के ढाई साल बीत जाने के बाद भी छत्तीसगढ़ के नगरीय निकायों में एल्डरमैन (Alderman Appointment 2026) की नियुक्ति का इंतजार खत्म नहीं हुआ है। एल्डरमैन बनने का सपना संजोए भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने तो लगभग आस ही छोड़ दी थी, क्योंकि अमूमन निकायों में नई सरकार बनने के छह महीने के भीतर ही एल्डरमैनों की नियुक्ति की परंपरा रही है। हालांकि, लंबे इंतजार के बाद अब इस सरकार ने नियुक्ति प्रक्रिया को लेकर हरी झंडी दे दी है।
अब इस संवेदनशील और बहुप्रतीक्षित मामले को लेकर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री और नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि निकायों में एल्डरमैनों (Alderman Appointment 2026) की नियुक्ति की प्रक्रिया बेहद तेजी से चल रही है, जिससे भाजपा कार्यकर्ताओं में एक बार फिर से भारी उत्साह और उम्मीदें जग गई हैं। इसके साथ ही प्रदेश के नगरीय निकायों में एल्डरमैन (मनोनीत पार्षद) की नियुक्ति का मामला एक बार फिर राजनीतिक गलियारों में चर्चा का केंद्र बन गया है।
प्रदेशभर के निकायों में करीब 700 एल्डरमैन की होगी नियुक्ति
छत्तीसगढ़ में वर्तमान में 194 नगरीय निकाय हैं, जिनमें नगर निगम, नगर पालिका परिषद और नगर पंचायत शामिल हैं। नगरीय निकाय अधिनियम के नियमों के अनुसार नगर निगमों में अधिकतम 10 तथा नगर पालिका और नगर पंचायतों में तय मापदंडों के अनुसार एल्डरमैन नियुक्त किए जा सकते हैं। विभागीय आंकड़ों के आधार पर अनुमान है कि प्रदेशभर में 700 से अधिक एल्डरमैन पदों पर जल्द ही नियुक्ति की जाएगी, जिसे भाजपा संगठन के लिए एक बड़ा राजनीतिक अवसर माना जा रहा है।
भाजपा कार्यकर्ताओं की निगाहें सरकार पर, नगर निगमों से होगी शुरुआत
साय सरकार के कार्यकाल को ढाई वर्ष पूरे होने जा रहे हैं, लेकिन निकायों में मनोनीत पार्षदों की लिस्ट अब तक होल्ड पर थी। भाजपा के कई वरिष्ठ और जमीनी कार्यकर्ता लंबे समय से इस सूची का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि एल्डरमैन नियुक्ति के जरिए संगठन उन समर्पित कार्यकर्ताओं को उपकृत और सम्मानित कर सकता है, जिन्होंने विधानसभा चुनाव और संगठनात्मक गतिविधियों में अपनी जान झोंकी थी।
सूत्रों के हवाले से खबर है कि सरकार पहले चरण में प्रदेश के बड़े नगर निगमों और प्रमुख नगर पालिकाओं में नियुक्तियां करेगी। इसके बाद दूसरे चरण में नगर पंचायतों की सूची जारी होने की पूरी संभावना है। पिछले कुछ महीनों से नगरीय प्रशासन विभाग के स्तर पर नामों को लेकर लगातार मंथन चलता रहा है, जिस पर अब अंतिम मुहर लगनी बाकी है।
क्या है एल्डरमैन का राजनीतिक और प्रशासनिक महत्व
स्थानीय प्रशासन में एल्डरमैन (Alderman Appointment 2026) की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होती है। मनोनीत होने के बाद एल्डरमैन को सामान्य सभा (परिषद) की बैठकों में शामिल होने और विभिन्न विभागीय समितियों में जिम्मेदारी निभाने का सीधा मौका मिलता है। हालांकि, उन्हें परिषद के भीतर मतदान (वोटिंग) का कानूनी अधिकार नहीं होता, लेकिन इसके बावजूद स्थानीय विकास योजनाओं, वार्डों की समस्याओं और नीतिगत निर्णयों में उनकी राय और भागीदारी बेहद मायने रखती है। यही कारण है कि स्थानीय राजनीति में यह पद बेहद रसूखदार और अहम माना जाता है।




