सीजी भास्कर, 04 जुलाई। कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र स्थित मीरा रिसोर्ट में जन्मदिन की पार्टी के दौरान हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। देर रात हुए झगड़े में दीपका निवासी युवक उज्जवल सिंह की कैंपर वाहन से कुचलकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद आरोपी वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। (Birthday Party Murder)
जानकारी के अनुसार, दीपका क्षेत्र के ट्रांसपोर्टर विकास कुमार हुडा के जन्मदिन के अवसर पर 20 से 25 युवक पार्टी मनाने के लिए मीरा रिसोर्ट पहुंचे थे। देर रात तक चल रही पार्टी के दौरान करीब डेढ़ बजे किसी बात को लेकर युवकों के बीच कहासुनी शुरू हुई। बताया जा रहा है कि पार्टी में शराब का सेवन किए जाने के कारण विवाद बढ़ गया और मारपीट की स्थिति बन गई।
इसी दौरान आरोप (Birthday Party Murder) है कि तुषार ढांढा ने कैंपर वाहन से उज्जवल सिंह को कुचल दिया। गंभीर चोट लगने के कारण उज्जवल सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद रिसोर्ट परिसर में अफरा-तफरी मच गई और आरोपी वाहन सहित फरार हो गया।
सूचना मिलते ही उरगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक उज्जवल सिंह दीपका के गरुणनगर का निवासी था और परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य बताया जा रहा है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी (Birthday Party Murder) की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त कैंपर वाहन को जब्त कर लिया है तथा रिसोर्ट के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। वहीं, पार्टी में मौजूद अन्य लोगों से भी पूछताछ कर घटना के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।



