अभिनेत्री स्वरा भास्कर एक बयान को लेकर विवादों में घिर गई हैं। उनके खिलाफ महिलाओं को लेकर कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने के आरोप में थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि अभिनेत्री के बयान से महिलाओं की भावनाओं को ठेस पहुंची है और मामले में कार्रवाई की जानी चाहिए।
विवाद उस वक्त शुरू हुआ जब एक कार्यक्रम के दौरान स्वरा ने संजय लीला भंसाली की फिल्म ‘पद्मावत’ में दिखाए गए जौहर के दृश्य को लेकर अपनी आपत्ति जाहिर की। उनके बयान का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद उन्हें आलोचना का सामना करना पड़ा।
स्वरा के खिलाफ थाने में शिकायत
बिहार भाजपा प्रदेश कार्य समिति के सदस्य कृष्ण सिंह कल्लू ने स्वरा भास्कर के खिलाफ कोतवाली थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि अभिनेत्री ने क्षत्राणी महिलाओं को लेकर आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया। शिकायतकर्ता ने इसे महिलाओं की भावनाओं को आहत करने वाला बयान बताया है।
फिलहाल शिकायत दर्ज होने के बाद मामले में आगे की प्रक्रिया का इंतजार है। वहीं, इस मामले पर स्वरा भास्कर की ओर से कोई नया आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
वायरल वीडियो पर स्वरा ने दी सफाई
वीडियो वायरल होने के बाद स्वरा ने अपने बयान को लेकर सफाई भी दी थी। उन्होंने कहा था कि कार्यक्रम में उनसे फिल्म ‘पद्मावत’ को लेकर उनके पुराने खुले पत्र के बारे में सवाल पूछा गया था। इसी दौरान वह यह समझाने की कोशिश कर रही थीं कि फिल्म के जौहर वाले दृश्य को लेकर उनकी आपत्ति क्या थी।
स्वरा के मुताबिक, उनके बयान को गलत तरीके से अनुवादित और पेश किया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया था कि उन्होंने रानी पद्मावती और जौहर करने वाली अन्य महिलाओं को कायर नहीं कहा था और उनके बयान का गलत अर्थ निकालकर सोशल मीडिया पर फैलाया जा रहा है।




