छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के नरहरपुर में शनिवार को कांग्रेस के ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ कार्यक्रम के दौरान पूर्व भाजपा नेता और नगर पंचायत के पूर्व अध्यक्ष भूपेश नेताम ने 100 से अधिक समर्थकों के साथ कांग्रेस का दामन थाम लिया। इस कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी मौजूद रहे। वहीं, सभा के दौरान भीड़ का फायदा उठाकर किसी अज्ञात व्यक्ति ने कांग्रेस नेता नरेंद्र यादव की जेब से 30 हजार रुपये चोरी कर लिए।
भूपेश बघेल ने सरकार को घेरा
कार्यक्रम में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और युवाओं ने भूपेश बघेल का स्वागत किया। सभा को संबोधित करते हुए बघेल ने धान खरीदी, वोट चोरी और युवाओं के नाम मतदाता सूची से काटे जाने के मुद्दे उठाए। उन्होंने महंगाई और दिवाली पर चना-शक्कर नहीं मिलने को लेकर भी राज्य सरकार पर निशाना साधा।
भीड़ में कांग्रेस नेता की जेब से 30 हजार पार
सभा के दौरान कांग्रेस नेता नरेंद्र यादव की जेब से 30 हजार रुपये चोरी हो गए। घटना नरहरपुर के सुरही की बताई गई है। आशंका है कि भीड़ का फायदा उठाकर किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनकी जेब से रुपये निकाल लिए।
पहले भी कांग्रेस के कार्यक्रम में हुई थी चोरी
इससे पहले 7 अक्टूबर को प्रदेश कांग्रेस प्रभारी सुखदेव भगत के कार्यक्रम में भी जेबकतरी की शिकायत सामने आई थी। उस दौरान कांग्रेस के एक बड़े नेता समेत कई लोगों की जेब से रुपये चोरी होने की बात कही गई थी।



