सीजी भास्कर, 25 जुलाई। बाढ़-भूस्खलन की मार झेल रहे मंडी जिले में लगातार वर्षा अब सड़क हादसों का कारण भी बनने लगी है। वर्षा से सड़कों के किनारे बनी सुरक्षा दीवार भी कमजोर हो गई है। सरकाघाट उपमंडल के मसेरन के तारंगला में वीरवार सुबह करीब नौ बजे सुरक्षा दीवार धंसने के कारण हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की बस 75 फीट गहरी खाई में गिर गई। हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई व 21 घायल हुए हैं। घायलों में चालक व परिचालक भी शामिल है। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने हादसे की मजिस्ट्रेटी जांच के आदेश दिए हैं।
सरकाघाट डिपो की बस (एचपी-28ए-3717) सरकाघाट से दुर्गापुर जा रही थी। इसमें 29 लोग सवार थे। तारंगला के पास कार को पास देने के लिए चालक ने बस जैसे ही सड़क से बाहर निकाली, सुरक्षा दीवार धंस गई। इससे बस अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई। यात्रियों की चीख-पुकार सुन लोग तुरंत मदद के लिए पहुंचे। ग्रामीणों ने पुलिस के साथ मिलकर सभी घायलों को एंबुलेंस व निजी वाहनों से नागरिक अस्पताल सरकाघाट पहुंचाया। वहां डाक्टरों ने एक युवक अंतरिक्ष समेत पांच लोगों को मृत घोषित कर दिया। प्राथमिक उपचार के बाद 17 घायलों को नेरचौक मेडिकल कालेज, हमीरपुर मेडिकल कालेज, एम्स बिलासपुर, पीजीआइ चंडीगढ़ को रेफर किया गया।
नेरचौक मेडिकल कालेज में एक महिला व युवक तथा एम्स बिलासपुर में एक वृद्ध की उपचार के दौरान मौत हो गई। सरकाघाट पुलिस ने बस चालक के विरुद्ध लापरवाही से वाहन चलाने का केस दर्ज किया है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बस हादसे में मारे गए लोगों के स्वजन के प्रति शोक जताया है। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस हादसे में हुई जनहानि पर दुख व्यक्त किया। उन्होंने प्रत्येक मृतक के परिजनों को 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि और घायलों के लिए 50,000 रुपये की घोषणा की।






