सीजी भास्कर, 23 सितंबर। ‘सिटी ऑफ जॉय’ कहलाने वाला कोलकाता (Kolkata Flood Alert) इन दिनों भारी बारिश की वजह से जलप्रलय का सामना कर रहा है। सोमवार देर रात हुई मूसलाधार बारिश ने शहर को ठप कर दिया। कई इलाकों में पानी घुटनों से ऊपर तक भर गया, सड़कें नदियों जैसा नज़ारा पेश कर रही हैं। हालात इतने गंभीर हो गए कि मेट्रो और ट्रेन सेवाओं को रोकना पड़ा। अब तक 9 लोगों की मौत हो चुकी है और प्रशासन ने अलर्ट जारी कर दिया है।
भारी बारिश की वजह
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव वाले क्षेत्र की वजह से कोलकाता (Kolkata Flood Alert) और आसपास के जिलों में भारी बारिश हुई। पिछले 24 घंटों में शहर में 247.4 मिमी बारिश दर्ज की गई, जो 1 सितंबर से 22 सितंबर तक हुई कुल बारिश (176 मिमी) से भी ज्यादा है।
कुछ घंटों में रिकॉर्ड बारिश
गारिया कमदहारी में सिर्फ 6 घंटे में 332 मिमी बारिश दर्ज हुई, वहीं जोधपुर पार्क में 285 मिमी और कालीघाट में 280 मिमी बारिश हुई। यह मानसून के बाद की असामान्य बारिश मानी जा रही है।
असर पूरे दक्षिण बंगाल में
भारी बारिश का असर सिर्फ कोलकाता ही नहीं बल्कि दक्षिण बंगाल के जिलों में भी दिख रहा है। पूर्व और पश्चिम मेदिनीपुर, दक्षिण 24 परगना, झारग्राम और बांकुड़ा में लगातार मूसलाधार (Kolkata Flood Alert) बारिश हो रही है।
आगे का पूर्वानुमान
अलीपुर स्थित क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के अधिकारियों ने बताया कि मंगलवार और बुधवार को भी बारिश जारी रह सकती है। इसके अलावा, 25 सितंबर के आसपास बंगाल की खाड़ी में एक और निम्न दबाव क्षेत्र बनने की आशंका है, जिससे हालात और बिगड़ सकते हैं।


