सीजी भास्कर, 17 मई। पाकिस्तान के खिलाफ भारत के चलाए गए ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के बाद भिलाई में तिरंगा यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। भिलाई में यह तिरंगा यात्रा आज शाम 5 बजे निकाली जाएगी।
वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन ने बताया कि आज शाम 5 बजे तिरंगा यात्रा आयोजित की गई है। यह यात्रा राष्ट्रीय गौरव का प्रतीक है। साथ ही राष्ट्रीय सुरक्षा के प्रति लोगों में जन जागरूकता लाने के लिए आयोजित की गई है। इसमें शहर व जिले के बड़ी संख्या में लोग शामिल होंगे। यह तिरंगा यात्रा सुभाष चंद्र बोस चौक प्रियदर्शिनी परिसर सुपेला से घड़ी चौक, पावर हाउस होते हुए, अंबेडकर चौक तक जाएगी। फिर अंबेडकर चौक से अंडर ब्रिज होते हुए सेंट्रल एवेन्यू मार्ग, मुर्गा चौक से वापस सेक्टर सेंट्रल एवेन्यू होते हुए सेक्टर 9 चौक पहुंचेगी। इसके बाद हुडको श्री राम चौक होते हुए कारगिल शहीद पार्क, हुडको में समाप्त होगी।
तिरंगा यात्रा में उमड़ेगा भिलाई शहर
भिलाई भाजपाध्यक्ष पुरूषोत्तम देवांगन ने बताया कि इस यात्रा में भिलाई निगम क्षेत्र से राष्ट्रभक्त जनप्रतिनिधि, सामाजिक संस्था के सदस्य, स्कूल कॉलेज के छात्र-छात्राएं, धार्मिक संस्था के लोग, खिलाड़ी, व्यापारी वर्ग, चेंबर के पदाधिकारी, औद्योगिक संस्थानों, पूर्व सेवानिवृत सैनिक, उनके परिवार के सदस्य, पुलिस बल, औद्योगिक सुरक्षा बल, सामाजिक संस्था, सुरक्षा बल, एनडीआरएफ का दल, प्रशासनिक अधिकारी कर्मचारी एवं मीडिया के लोग शामिल होंगे।
शहीदों को दी जाएगी श्रद्धांजलि
तिरंगा यात्रा सुभाष चंद्र बोस चौक से सुपेला चौक होते हुए नेहरू नगर चौक (शहीद चौक) तक पहुंचेगी। इसके बाद यहां चौक में लगी छत्तीसगढ़ के शहीदों की प्रतिमा में माल्यार्पण करके उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी।