कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दिपके ने बताया है कि उन्हें टाइफाइड हो गया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर अपनी स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी देते हुए कहा कि जांच रिपोर्ट में टाइफाइड की पुष्टि हुई है और फिलहाल डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है। हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि बीमारी के बावजूद उनका आंदोलन जारी रहेगा।
अभिजीत दिपके ने कहा कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग पूरी होने तक उनका संघर्ष नहीं रुकेगा। उन्होंने बताया कि पिछले कुछ दिनों से तबीयत खराब थी और वर्तमान में उन्हें नियमित रूप से उपचार दिया जा रहा है। इसके बावजूद आंदोलन के उद्देश्य और रणनीति में कोई बदलाव नहीं होगा।
उन्होंने देशभर में आंदोलन का समर्थन कर रहे कार्यकर्ताओं और समर्थकों का आभार जताते हुए कहा कि उनका सहयोग संगठन के लिए प्रेरणा है। दिपके ने विश्वास जताया कि आंदोलन अपनी मांगों को लेकर आगे भी मजबूती से जारी रहेगा।
इस बीच, सीजेपी की ओर से कहा गया है कि यदि केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग पर सरकार ने जल्द स्पष्ट रुख नहीं अपनाया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। संगठन के प्रतिनिधियों ने बताया कि केंद्रीय मंत्रियों के साथ हुई बैठक में कुछ मुद्दों पर सकारात्मक चर्चा हुई है, लेकिन प्रमुख मांग पर अब भी सरकार के औपचारिक जवाब का इंतजार है।
सीजेपी 20 जून से जंतर-मंतर पर नीट परीक्षा में कथित पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को लेकर आंदोलन कर रही है। इसी बीच दिल्ली पुलिस ने सोशल मीडिया पर अभिजीत दिपके की कथित मौत से जुड़ी वायरल खबर को फर्जी बताते हुए लोगों से अपुष्ट जानकारी साझा न करने की अपील की है। पुलिस ने अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी है।



