सीजी भास्कर, 10 दिसंबर। बेटियों पर कथित अभद्र टिप्पणी (Aniruddhacharya Legal Action) के मामले में कथावाचक अनिरुद्धाचार्य की मुश्किलें औपचारिक तौर पर बढ़ गई हैं। अक्टूबर में दिए गए प्रार्थना-पत्र पर मंगलवार को मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी (सीजेएम) कोर्ट में सुनवाई हुई जिसके बाद न्यायालय ने परिवाद दर्ज कर लिया है। अब इस केस की अगली सुनवाई एक जनवरी को होगी। इस दिन न्यायालय में वादी के बयान दर्ज किए जाएंगे, जिसके बाद आगे की कानूनी प्रक्रिया तय होगी।
मामला तब सुर्खियों में आया जब अनिरुद्धाचार्य (Aniruddhacharya Legal Action) का एक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हुआ। वीडियो में कहा गया कि आजकल बेटियों की शादी 25 साल में होती है, तब तक वह कई जगह मुंह मार चुकी होती हैं। इस टिप्पणी को लेकर भारी विरोध हुआ और कई संगठनों ने इसे महिलाओं का अपमान बताया। विरोध बढ़ने पर कथावाचक ने सफाई दी कि वह स्त्रियों का सम्मान करते हैं और उनके बयान को तोड़-मरोड़कर पेश किया गया है।
इस मामले में अखिल भारत हिंदू महासभा की आगरा जिलाध्यक्ष मीरा राठौर ने सीजेएम उत्सव राज गौरव की अदालत में प्रार्थना-पत्र दाखिल किया था। मंगलवार की सुनवाई में न्यायालय ने परिवाद दर्ज कर लिया। वादी पक्ष के अधिवक्ता मनीष गुप्ता ने बताया कि एक जनवरी को बयान दर्ज होने के बाद आगे सुनवाई बढ़ेगी (Controversial Statement Case)। इसके बाद अदालत तथ्यात्मक और कानूनी आधारों पर अगला निर्णय लेगी।
यह मामला अब पूरी तरह कोर्ट की प्रक्रिया में प्रवेश कर चुका है और आगामी पेशियों के बाद तय होगा कि कथावाचक के विरुद्ध आगे क्या कार्रवाई हो सकती है। सोशल मीडिया पर भी इस बयान को लेकर बहस जारी है और मामले पर देशभर की नज़र बनी हुई है।





