सीजी भास्कर, 29 सितंबर। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) को नया अध्यक्ष मिल गया है। दिल्ली के पूर्व रणजी कप्तान मिथुन मन्हास रविवार को मुंबई स्थित मुख्यालय (BCCI President) में हुई 94वीं वार्षिक आम बैठक (AGM) में निर्विरोध 37वें अध्यक्ष चुने गए। उन्होंने हाल ही में 70 वर्ष की आयु पूरी करने के बाद पद छोड़ने वाले रोजर बिन्नी की जगह ली।
45 वर्षीय मन्हास लगातार तीसरे ऐसे क्रिकेटर हैं, जिन्हें बोर्ड की कमान मिली है। उनसे पहले रोजर बिन्नी और सौरव गांगुली अध्यक्ष रहे। मन्हास ने अपने करियर में 157 प्रथम श्रेणी मैचों (BCCI President) में 9,714 रन और 27 शतक बनाए। इसके अलावा 130 लिस्ट-ए और 55 आईपीएल मुकाबलों में भी उन्होंने दमखम दिखाया। प्रशासनिक अनुभव के तौर पर वे जम्मू-कश्मीर क्रिकेट एसोसिएशन की एड-हॉक कमेटी में निदेशक रह चुके हैं।
अध्यक्ष चुने जाने के बाद मन्हास ने कहा— “यह मेरे लिए सम्मान और बड़ी जिम्मेदारी है कि मैं दुनिया के सबसे बड़े क्रिकेट बोर्ड का नेतृत्व कर रहा हूँ। बतौर खिलाड़ी और प्रशासक मेरा अनुभव बोर्ड के लिए उपयोगी रहेगा।”
AGM की अन्य नियुक्तियां
राजीव शुक्ला उपाध्यक्ष बने रहेंगे।
देवजीत सैकिया सचिव पद पर बरकरार।
अरुण धूमल IPL गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन नियुक्त।
रघुराम भट कोषाध्यक्ष बने।
प्रभतेज भाटिया को संयुक्त सचिव बनाया गया।
जयदेव शाह (सौराष्ट्र क्रिकेट संघ) एपेक्स काउंसिल सदस्य बने।
चयन समिति में बदलाव
पुरुष चयन समिति में पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज आरपी सिंह और स्पिनर प्रज्ञान ओझा को शामिल (BCCI President) किया गया। अब समिति में अजीत अगरकर (अध्यक्ष), शिव सुंदर दास, अजय रात्रा, आरपी सिंह और प्रज्ञान ओझा होंगे।
महिला चयन समिति में पूर्व गेंदबाज अमिता शर्मा को नई अध्यक्ष बनाया गया है। उनके साथ श्यामा डे, जया शर्मा और श्रावंती नायडू को शामिल किया गया।
अन्य फैसले
दिल्ली जिला क्रिकेट संघ (DDCA) अध्यक्ष रोहन जेटली को इंफ्रास्ट्रक्चर समिति का प्रमुख बनाया गया।
केरल क्रिकेट संघ के जयेश जॉर्ज को महिला प्रीमियर लीग (WPL) का पहला स्वतंत्र चेयरमैन नियुक्त किया गया।
बोर्ड ने राज्य संघों से क्रिकेट एडवाइजरी कमेटी और अंपायर कमेटी के लिए नाम भेजने का आग्रह किया।
एजीएम में मौजूद पूर्व भारतीय क्रिकेटर हरभजन सिंह ने मन्हास की नियुक्ति का स्वागत करते हुए कहा कि “जब कोई क्रिकेटर बोर्ड की कमान संभालता है तो उसका अनुभव खिलाड़ियों और खेल दोनों के लिए बेहद मददगार साबित होता है।”





