सीजी भास्कर, 14 अगस्त : नेशनल हाईवे रोड-53 पुराना टोल प्लाजा के पास बुधवार शाम छह बजे के करीब 18 चक्का टैंकर ने दुपहिया सवार बुजुर्ग दंपती को चपेट में ले लिया। पिछले चक्के में कुछ दूरी तक घसीटे जाने के कारण बुजुर्ग महिला की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। वहीं घायल बुजुर्ग का इलाज शासकीय अस्पताल सुपेला में चल रहा है। सुपेला पुलिस ने आरोपित टैंकर चालक के खिलाफ अपराध पंजीकृत कर विवेचना में लिया है।
बुजुर्ग दंपती सुरेंद्र सिंह व उनकी 60 वर्षीय पत्नी महिंदर जीत कौर भिलाई से दुर्ग की ओर जा रहे थे। इसी दौरान नेहरू नगर टोल प्लाजा के पास 18 चक्का टैंकर केए -35 03197 ने पीछे से दुपहिया वाहन को ठोकर मार दी। दुर्घटना में दुपहिया का संतुलन बिगड़ गया। पीछे बैठी महिंदर जीत कौर टैंकर के पिछले चक्के की चपेट में आ गई। इसके कारण उनकी घटना स्थल पर ही मौत हो गई। जबकि मृतका के पति सुरेंद्र सिंह को हाथ में चोट आई है। उनका इलाज सुपेला अस्पताल में चल रहा है।