सीजी भास्कर, 22 जून |
मध्य प्रदेश में रिक्त सरकारी पदों पर भर्ती की प्रक्रिया चल रही है। कर्मचारी चयन मंडल के माध्यम से 11 हजार 400 पदों पर कर्मचारियों का चयन किया गया है। चार हजार पदों पर नियुक्ति की जा चुकी है तो 7,400 पदों के लिए प्रक्रिया अंतिम चरण में है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पर्यवेक्षक पद पर चयनित 650 प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कहा कि सभी रिक्त पदों को जल्द से जल्द भरा जाएगा।
अब नियुक्ति की प्रक्रिया
प्रदेश में पिछले एक साल से एक लाख से अधिक रिक्त पदों पर भर्ती के लिए प्रक्रिया चल रही है। सभी विभागों द्वारा कर्मचारी चयन मंडल और राज्य लोक सेवा आयोग को प्रस्ताव भेजे जा चुके हैं। उधर, जिन पदों के लिए प्रक्रिया हो गई थी, अब उन पर नियुक्ति की जा रही है।
दक्षता बढ़ाने की दिशा में काम
मुख्यमंत्री ने बताया कि मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग से चयनित 3,756 पदों पर पदस्थापना की जा चुकी है। विभिन्न रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया कर शासकीय कार्यालयों में क्षमता एवं दक्षता बढ़ाने की दिशा में तेजी से काम किया जा रहा है। साथ ही कर्मचारियों और अधिकारियों की लंबे समय से चली आ रही मांगों का निराकरण भी किया जा रहा है।