सीजी भास्कर, 1 नवंबर। सोशल मीडिया पर “फेमस” होने का जुनून लोगों को किस हद तक ले जा सकता है, इसका ताजा उदाहरण (Bike Stunt Accident Video) में देखा जा सकता है। चंद लाइक्स और व्यूज की चाहत में एक लड़का और लड़की ने सड़क पर खतरनाक बाइक स्टंट करने की कोशिश की, लेकिन कुछ ही सेकंड में यह स्टंट जानलेवा हादसे में बदल गया। यह पूरी घटना कैमरे में कैद हो गई और अब इंटरनेट पर तेज़ी से वायरल हो रही है।
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि एक लड़का तेज रफ्तार में बाइक चला रहा है और उसके पीछे एक लड़की बैठी है। दोनों रील बनाने के जोश में स्टंट करने लगते हैं। अचानक लड़का बाइक का अगला पहिया हवा में उठा देता है — इसे बाइकर्स की भाषा में “व्हीलिंग” कहा जाता है। लड़की पीछे बैठकर किसी तरह खुद को संभाले रहती है। कुछ दूरी तक सब ठीक चलता है, लेकिन जैसे ही लड़का बाइक को दोबारा ज़मीन पर लाने की कोशिश करता है, उसका बैलेंस बिगड़ जाता है।
रील बनाते-बनाते हो गया बड़ा हादसा
बैलेंस बिगड़ते ही लड़का और लड़की दोनों सड़क पर बुरी तरह गिर पड़ते हैं। उनकी बाइक सड़क पर फिसलती चली जाती है और पीछे से आ रही एक दूसरी बाइक भी टकरा जाती है। टक्कर इतनी ज़ोरदार थी कि दोनों को गंभीर चोटें आईं। यह पूरा दृश्य कैमरे में कैद हुआ और अब सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पहले ट्विटर) पर इसे लाखों बार देखा जा चुका है।
‘फेमस होने के लिए जान दे रहे हैं’
इस वीडियो को देखकर इंटरनेट यूज़र्स गुस्से में हैं। कई लोगों ने लिखा कि यह सिर्फ “रील की दीवानगी” नहीं, बल्कि “मूर्खता की हद” है। एक यूज़र ने लिखा “इस ‘वन व्हीलिंग’ की आदत ने न जाने कितनी ज़िंदगियां ले ली हैं। ये लोग एडवेंचर समझते हैं, लेकिन परिवार को दुख दे जाते हैं।” दूसरे ने लिखा “बिना हेलमेट सिर के बल गिरना, इसका दर्द जिंदगी भर याद रहेगा।
एक और यूज़र ने ताना मारते हुए कहा “पहले लोग मेहनत से नाम कमाते थे, अब जान देकर ट्रेंड में आने की कोशिश करते हैं।” ज्यादातर लोगों का कहना है कि ऐसे लापरवाह स्टंट करने वालों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। कई यूज़र्स ने सुझाव दिया कि बाइक चलाते वक्त वीडियो बनाने पर पूरी तरह रोक लगनी चाहिए, ताकि दूसरों की जान खतरे में न पड़े।
कहां का है Bike Stunt Accident Video
हालांकि यह वीडियो लाखों व्यूज़ बटोर चुका है, लेकिन अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि घटना कहां की है। कुछ लोग कमेंट्स में दावा कर रहे हैं कि यह वीडियो पाकिस्तान का है, जबकि कुछ का कहना है कि यह भारत का है। लेकिन आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हुई है। लोगों के मुताबिक, इस तरह के हादसे इस बात का सबक हैं कि “रील के कुछ सेकंड” के लिए “ज़िंदगी के सालों” को दांव पर लगाना समझदारी नहीं, पागलपन है।





