सीजी भास्कर, 01 दिसंबर। भारतीय जनता पार्टी की एक युवा महिला नेत्री की मौत हो गई है। आपको बता दें कि गुजरात के सूरत जिले से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। सूरत शहर के अलथाना में वार्ड नंबर 30 की बीजेपी महिला मोर्चा की अध्यक्ष दीपिका पटेल ने आत्महत्या कर ली है।
मिली जानकारी के अनुसार 34 वर्षीय महिला नेता दीपिका पटेल का शव उनके ही घर में फंदे से झूलता मिला है। दीपिका के परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए फॉरेंसिक पोस्टमॉर्टम की मांग की है।
भाजपा नेत्री की आत्महत्या की खबर मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने दीपिका पटेल के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। भाजपा नेत्री दीपिका पटेल ने किन कारणों से आत्महत्या की यह अभी पता नहीं चल पाया है। मृतका के एक रिश्तेदार ने कहा कि दीपिका लंबे समय से भाजपा की कार्यकर्ता थीं और समाज सेवा भी कर रही थीं। उनके परिवार को हमेशा दीपिका की हत्या का डर था। आत्महत्या के वक्त दीपिका के बच्चे घर पर थे और उनका पति खेत में था। पुलिस ने कहा कि विवेचना की जा रही है, पीएम रिपोर्ट आने के बाद मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा।




