सीजी भास्कर, 29 दिसंबर। खैरागढ़ शहर के मानपुर नाका क्षेत्र में रविवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक खेत में रखे पैरा (भूसा) के ढेर के भीतर एक वृद्ध का जला हुआ शव (Burnt Dead Body Found) बरामद किया गया। खेत से धुआं और आग की लपटें उठती देख आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। पैरा के ढेर के पास पहुंचते ही मानव शव दिखाई देने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया गया। इसके बाद घटनास्थल को घेराबंदी कर सुरक्षित किया गया। मौके से मिली छड़ी और डंडे के आधार पर मृतक की पहचान दुर्जनराम वर्मा, पिता स्वर्गीय धरसिया वर्मा, उम्र लगभग 95 वर्ष के रूप में की गई है। बताया गया कि दुर्जनराम वर्मा अक्सर उसी खेत के आसपास रहते थे, जिससे आशंका जताई जा रही है कि वे पैरा के ढेर के पास ही विश्राम कर रहे होंगे।
पुलिस के अनुसार फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि पैरा के ढेर में आग कैसे लगी। यह हादसा था, किसी की लापरवाही या फिर किसी आपराधिक साजिश का नतीजा—इन सभी बिंदुओं को ध्यान में रखते हुए पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है। यह मामला खेत में जला शव (Burnt Dead Body Found) से जुड़ा होने के कारण पुलिस इसे गंभीरता से ले रही है।
ग्रामीणों में दहशत, जांच जारी
घटना के बाद क्षेत्र में भय और दहशत का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए हैं और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज राजनांदगांव भेजा गया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। आग लगने से पहले वृद्ध की मृत्यु हुई थी या आग लगने के कारण ही उनकी जान गई—इस बिंदु पर विशेष जांच की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि घटना के समय आसपास कोई संदिग्ध गतिविधि तो नहीं हुई।


