सीजी भास्कर, 30 नवंबर। रायपुर शहर में जल्द ही बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। अगले वर्ष से रायपुर शहर के घरों में पाइप लाइन के जरिए प्राकृतिक गैस पहुंचाई जाएगी। पाइप लाइन के जरिए घरों में चूल्हे जलेंगे, सीएनजी स्टेशनों के जरिए वाहनों के लिए ईंधन मिलेगा।
आपको बता दें कि गेल इंडिया लिमिटेड और रायपुर नगर निगम की तैयारियां अंतिम चरण में हैं, जल्द ही पाइप लाइन बिछाने का काम पूरा हो जाएगा। शुरुआत में 1 लाख घरों को पाइप लाइन के जरिए सीएनजी गैस मिलेगी, इससे शहरवासियों को घरों में खाना बनाने के लिए स्वच्छ ईंधन मिलेगा और वाहनों में सीएनजी का इस्तेमाल किया जा सकेगा। इस प्रोजेक्ट से न सिर्फ प्रदूषण कम होगा बल्कि लोगों को कई फायदे भी होंगे। इस परियोजना के तहत 1 लाख घरों तक पाइप लाइन के ज़रिए सीएनजी गैस पहुंचेगी, जिससे घरों में खाना बनाने के लिए गैस मिलेगी। साथ ही रायपुर में सीएनजी स्टेशन भी बनाए जाएंगे, जिससे वाहनों के लिए ईंधन मिलेगा।
छत्तीसगढ़ में बसों से सफर करने वालों के लिए भी गुड न्यूज यह है कि छत्तीसगढ़ सरकार ने शुक्रवार को ’बस संगवारी एप’ लॉन्च किया है। इसके जरिए यात्रियों को बस के समय और रुट की जानकारी मिल जाएगी। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राज्य सड़क सुरक्षा परिषद की बैठक में यात्रियों की यात्रा को सुविधाजनक और आसान बनाने के लिए बस संगवारी एप लॉन्च किया है। यह ऐप बस यात्रियों, विशेष रूप से दूरस्थ अंचलों के यात्रियों के लिए काफी सुविधाजनक होगा। इस ऐप में 5 हजार से ज्यादा बसों की जानकारी मिलेगी और यात्री घर बैठे बसों के रूट और समय की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।