सीजी भास्कर, 14 दिसंबर। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने कक्षा 10वीं की बोर्ड परीक्षाओं को लेकर छात्रों के लिए सख्त दिशा-निर्देश जारी किए (CBSE Evaluation System) हैं। बोर्ड ने स्पष्ट कर दिया है कि परीक्षा के दौरान यदि कोई छात्र उत्तर पुस्तिका में निर्धारित खंडों (सेक्शन) का पालन नहीं करता है और प्रश्न का उत्तर गलत खंड में लिखता है, तो ऐसे उत्तरों को शून्य अंक दिए जाएंगे।
सीबीएसई का कहना है कि यह फैसला मूल्यांकन प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, अनुशासित और गुणवत्तापूर्ण बनाने के उद्देश्य से लिया गया है। खासतौर पर विज्ञान और सामाजिक विज्ञान विषयों में उत्तर पुस्तिका की संरचना को पहले से ज्यादा स्पष्ट और विषयवार कर दिया गया है।
विज्ञान और सामाजिक विज्ञान में बदली उत्तर पुस्तिका की व्यवस्था
बोर्ड द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार, विज्ञान विषय की उत्तर पुस्तिका को अब तीन स्पष्ट खंडों में विभाजित किया गया (CBSE Evaluation System) है। इनमें भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान और जीव विज्ञान के लिए अलग-अलग सेक्शन निर्धारित होंगे। छात्रों को संबंधित विषय के प्रश्नों के उत्तर उसी खंड में लिखना अनिवार्य होगा।
इसी तरह सामाजिक विज्ञान की उत्तर पुस्तिका को चार भागों में बांटा गया है। इसमें इतिहास, भूगोल, राजनीति विज्ञान और अर्थशास्त्र के लिए अलग-अलग सेक्शन तय किए गए हैं। बोर्ड ने साफ किया है कि किसी भी स्थिति में एक विषय का उत्तर दूसरे विषय के खंड में लिखने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
गलत खंड में लिखा उत्तर नहीं होगा जांच योग्य
सीबीएसई ने चेतावनी दी है कि यदि छात्र उत्तर पुस्तिका में दिए गए निर्देशों की अनदेखी करते हैं, तो मूल्यांकन के दौरान ऐसे उत्तरों को जांच के दायरे में नहीं लिया जाएगा। इसका मतलब यह है कि उत्तर सही होने के बावजूद गलत सेक्शन में लिखे जाने पर उसे शून्य अंक दिए जाएंगे।
बोर्ड ने यह भी स्पष्ट किया है कि परिणाम घोषित होने के बाद सत्यापन, पुनर्मूल्यांकन या पुनःजांच के दौरान भी इस प्रकार की गलतियों पर कोई राहत नहीं दी (CBSE Evaluation System)जाएगी।
स्कूलों को दिए गए विशेष निर्देश
सीबीएसई ने सभी संबद्ध स्कूलों को निर्देश दिए हैं कि वे छात्रों को इन नए नियमों की पूरी जानकारी दें। बोर्ड ने यह भी सलाह दी है कि प्री-बोर्ड परीक्षाओं में इन्हीं दिशा-निर्देशों का पालन कराया जाए, ताकि छात्र वास्तविक परीक्षा के समय किसी भ्रम या गलती का शिकार न हों।
छात्रों को सुझाव दिया गया है कि वे बोर्ड द्वारा जारी किए गए सैंपल प्रश्नपत्रों और उत्तर पुस्तिका के प्रारूप का गहन अध्ययन करें और उत्तर लिखने का नियमित अभ्यास करें।
किन विषयों में नियम सख्त?
– विज्ञान (भौतिक, रसायन, जीव विज्ञान)
– सामाजिक विज्ञान (इतिहास, भूगोल, राजनीति विज्ञान, अर्थशास्त्र)
छात्रों के लिए जरूरी सलाह
– उत्तर लिखने से पहले सेक्शन ध्यान से पढ़ें
– प्रश्न संख्या और विषय का मिलान जरूर करें
– सैंपल पेपर से अभ्यास करें





