सीजी भास्कर, 04 अप्रैल : कथित सीडी कांड (CG Sex CD Scandal Case) मामले में छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को आज सीबीआई कोर्ट में पेश होना था, लेकिन वे अदालत में उपस्थित नहीं हुए। हालाँकि, उनकी ओर से बचाव पक्ष के वकील कोर्ट में पेश हुए और अपनी दलीलें रखीं। इस दौरान अदालत ने मामले की तर्क सुनवाई की अगली तारीख 07 अप्रैल निर्धारित की है।
सीबीआई द्वारा दर्ज इस मामले में भूपेश बघेल पर आपत्तिजनक सीडी (CG Sex CD Scandal Case) से जुड़ी साजिश रचने का आरोप है। यह मामला प्रदेश की राजनीति में लंबे समय से चर्चा का विषय बना हुआ है। इससे पहले भी इस प्रकरण में कई बार सुनवाई हो चुकी है, लेकिन अब इसे अंतिम चरण में माना जा रहा है।
आज की सुनवाई में अभियोजन पक्ष ने अपने तर्क रखे, जबकि बचाव पक्ष ने अपना पक्ष मजबूती से प्रस्तुत किया। कोर्ट में भूपेश बघेल की गैरहाजिरी को लेकर कोई विशेष टिप्पणी नहीं की गई, लेकिन उनकी उपस्थिति को लेकर अगले चरण की सुनवाई अहम मानी जा रही है। अब सभी की नजरें 07 अप्रैल पर टिकी हैं, जब इस मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया तय होगी।
अब जानिए क्या है सेक्स सीडी कांड केस (CG Sex CD Scandal Case)
दरअसल, अक्टूबर 2017 में छत्तीसगढ़ में एक कथित सेक्स सीडी सामने आई थी। इसे कथित रूप से पूर्व मंत्री राजेश मूणत का बताया जा रहा था। रायपुर के सिविल लाइन थाने में इसका मुकदमा दर्ज हुआ। बाद में पुलिस ने दिल्ली से पत्रकार विनोद वर्मा को गिरफ्तार कर लाई थी।
कांग्रेस इसे तत्कालीन सरकार की साजिश बताती रही। सितंबर 2018 में कांग्रेस के तत्कालीन प्रदेश अध्यक्ष भूपेश बघेल को भी गिरफ्तार किया गया था। उन पर साजिश रचने का आरोप था। भूपेश बघेल ने जमानत लेने से इनकार कर दिया।
इसके बाद कांग्रेस प्रदेश भर में भाजपा सरकार के खिलाफ सड़कों पर उतर गई। इस गिरफ्तारी ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को नया जोश दिया। नवंबर 2018 में हुए विधानसभा चुनाव में जीतकर भूपेश बघेल मुख्यमंत्री बने थे। अब यह मामला सीबीआई के पास है।