रायपुर और जबलपुर के बीच बहुप्रतीक्षित इंटरसिटी एक्सप्रेस ट्रेन सेवा की शुरुआत हो गई है। शुक्रवार को रायपुर रेलवे स्टेशन से मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस शुभ अवसर पर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए, वहीं मंच पर डॉ. रमन सिंह, बृजमोहन अग्रवाल, पुरंदर मिश्रा, और कई अन्य जनप्रतिनिधि भी मौजूद थे।
छत्तीसगढ़ को मिल रहा रेलवे का बूस्ट
मुख्यमंत्री साय ने प्रधानमंत्री मोदी और रेल मंत्री वैष्णव का आभार जताते हुए कहा कि बीते दस वर्षों में छत्तीसगढ़ का रेल बजट 21 गुना बढ़ा है। 2025-26 के लिए प्रदेश को 6900 करोड़ रुपए का रेल बजट मिला है।
उन्होंने बताया कि “अमृत भारत योजना” के तहत प्रदेश के 32 रेलवे स्टेशनों का कायाकल्प किया जा रहा है और कुल 1680 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत हुई है।
नई ट्रेन से क्या होगा फायदा?
इस इंटरसिटी सेवा के शुरू होने से छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश के बीच यात्रियों को अब एक और ट्रेन विकल्प मिल गया है। खासकर डोंगरगढ़ जाने वाले श्रद्धालुओं और नियमित यात्रियों को सीधा लाभ होगा। मुख्यमंत्री ने कहा –
“अब हमारे बड़े भाई मध्यप्रदेश से हमारा प्रेम और गहरा होगा।”
अन्य राज्यों में भी नई सेवाएं शुरू
इस मौके पर मध्यप्रदेश और गुजरात में भी दो नई ट्रेन सेवाओं की शुरुआत हुई:
- रीवा-पुणे (हड़पसर) एक्सप्रेस – मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रवाना की।
- भावनगर-अयोध्या एक्सप्रेस – गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल ने हरी झंडी दिखाई।
नई इंटरसिटी ट्रेन की समय-सारणी
यह इंटरसिटी एक्सप्रेस रोजाना चलेगी और इसमें कुल 15 कोच होंगे:
- 1 पावर कार
- 1 SLRD
- 8 जनरल कोच
- 4 चेयर कार
- 1 एसी चेयर कार
जबलपुर-रायपुर (11702)
- जबलपुर से प्रस्थान: सुबह 6:00 बजे
- रायपुर पहुंच: दोपहर 1:50 बजे
- कुल यात्रा समय: 7 घंटे 50 मिनट
रायपुर-जबलपुर (11701)
- रायपुर से प्रस्थान: दोपहर 2:45 बजे
- जबलपुर पहुंच: रात 10:45 बजे
- कुल यात्रा समय: 8 घंटे