सीजी भास्कर, 31 दिसंबर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अनुशंसा पर तथा उपमुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा की विशेष पहल से राज्य पुलिस सेवा के अधिकारियों को वर्ष के अंतिम दिन बड़ी सौगात मिली है। छत्तीसगढ़ शासन के गृह (पुलिस) विभाग द्वारा जारी आदेश के तहत राज्य पुलिस सेवा संवर्ग के 16 अधिकारियों को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पद पर पदोन्नत (Chhattisgarh Police Promotion) किया गया है। इस निर्णय को पुलिस महकमे में उत्साहवर्धक कदम के रूप में देखा जा रहा है।
गृह (पुलिस) विभाग ने विभागीय पदोन्नति एवं छानबीन समिति की अनुशंसा के आधार पर वरिष्ठ श्रेणी वेतनमान प्राप्त अधिकारियों को उप पुलिस अधीक्षक/सहायक सेनानी अथवा समतुल्य रैंक से अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक/उप सेनानी अथवा समतुल्य रैंक के पद पर स्थानापन्न रूप से पदोन्नति दी है। यह पदोन्नति आदेश राज्य में पुलिस प्रशासन को और अधिक मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
पदोन्नति पाने वाले अधिकारियों में रितेश चौधरी, जितेन्द्र कुमार खूंटे, अंजली नाग (गुप्ता), कर्ण कुमार उके, मनोज कुमार ध्रुव, पुष्पेन्द्र नायक, मनोज तिर्की, सारिका वैद्य, निधि नाग, कपिल चन्द्रा, अविनाश कुमार मिश्रा, ईश्वर प्रसाद त्रिवेदी, योगेश कुमार साहू, मयंक तिवारी, रश्मीत कौर चांवला तथा अनिल कुमार विश्वकर्मा शामिल हैं।

गृह विभाग के अधिकारियों के अनुसार यह निर्णय लंबे समय से लंबित पदोन्नतियों को गति देने और प्रशासनिक कार्यों में दक्षता बढ़ाने के उद्देश्य से लिया गया है। राज्य सरकार का मानना है कि इन पदोन्नतियों से कानून-व्यवस्था, आंतरिक सुरक्षा और पुलिसिंग व्यवस्था को और मजबूती मिलेगी।
पुलिस विभाग में इस फैसले को राज्य पुलिस सेवा पदोन्नति (Chhattisgarh Police Promotion) की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है। अधिकारियों और कर्मचारियों में इसे लेकर सकारात्मक माहौल है और इसे सरकार की संवेदनशील व कर्मठ प्रशासनिक नीति के रूप में देखा जा रहा है।


