सीजी भास्कर, 13। छत्तीसगढ़ में एक बार फिर ठंड (Chhattisgarh Weather Update) का असर तेज होने वाला है। पिछले दो दिनों से राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई हिस्सों में ठंड में हल्की कमी देखने को मिली है, लेकिन 15 जनवरी के बाद न्यूनतम तापमान में फिर गिरावट आने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों तक तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, इसके बाद न्यूनतम तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है।
राजधानी रायपुर में सोमवार को न्यूनतम तापमान 13.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो जनवरी माह का अब तक का सबसे अधिक न्यूनतम तापमान रहा। हालांकि मौसम विभाग का कहना है कि यह स्थिति अस्थायी है और मकर संक्रांति के बाद ठंड और बढ़ेगी।
मकर संक्रांति के बाद भी कम नहीं होगी ठंड
14 जनवरी को मकर संक्रांति है। सामान्य मान्यता के अनुसार उत्तरायण के बाद ठंड (Chhattisgarh Weather Update) में कमी आती है, लेकिन मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार इस बार यह ट्रेंड लागू नहीं होगा। सूर्य की किरणें पृथ्वी पर सीधी पड़ने के बावजूद प्रदेश में ठंडी हवाओं और स्थानीय मौसमीय परिस्थितियों के कारण ठंड का असर बना रहेगा। पहाड़ी और मैदानी इलाकों में फिलहाल ठंड में हल्की राहत जरूर मिली है, लेकिन यह ज्यादा दिन टिकने वाली नहीं है।
इन जिलों में पड़ रही कड़ाके की ठंड
प्रदेश के कई इलाकों में सुबह देर तक घना कोहरा छाया हुआ है। राजधानी रायपुर में भी हल्की धुंध देखी जा रही है। माना एयरपोर्ट में न्यूनतम तापमान 11.1 डिग्री दर्ज किया गया, जो लालपुर मौसम विज्ञान केंद्र से 2.3 डिग्री कम रहा।
प्रदेश का सबसे ठंडा इलाका अंबिकापुर बना हुआ है, जहां न्यूनतम तापमान 5.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दुर्ग में रात का तापमान 10 डिग्री रहा, जो सामान्य से 3.5 डिग्री कम है। यहां शीतलहर जैसी स्थिति बनी हुई है और लोगों को कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ रहा है।
मौसम विभाग (Chhattisgarh Weather Update) ने आगामी दिनों में विशेषकर उत्तरी छत्तीसगढ़ और मैदानी जिलों में ठंड बढ़ने की संभावना जताई है। ऐसे में बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।


