सीजी भास्कर, 11 अगस्त |
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को सोमवार (11 अगस्त) को अपने निर्धारित दौरे से पहले बड़ी परेशानी का सामना करना पड़ा। उनके हेलिकॉप्टर में तकनीकी खराबी आ गई, जिससे उन्हें सारंगढ़-बिलाईगढ़ के लिए हवाई सफर छोड़कर सड़क मार्ग से यात्रा करनी पड़ी।
सूत्रों के अनुसार, पुलिस लाइन हेलीपैड में उड़ान से पहले करीब 45 मिनट तक मेंटनेंस चला, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो सका। इस दौरान CM वेटिंग रूम में इंतजार करते रहे। हेलिकॉप्टर की मरम्मत न होने पर वे सड़क से रवाना हुए।
डेढ़ महीने में दूसरी बार हेलिकॉप्टर खराब
यह कोई पहली घटना नहीं है। 21 जून को जशपुर दौरे के दौरान भी CM के हेलिकॉप्टर में तकनीकी खराबी आई थी। उससे पहले, अक्टूबर 2024 में बस्तर प्रवास के समय भी यही समस्या सामने आई थी, जिसके चलते झारखंड से हेलिकॉप्टर मंगवाना पड़ा था।
आज का कार्यक्रम बिगड़ा
CM साय का सोमवार को 17 कार्यक्रमों में शामिल होने का शेड्यूल था, जो दोपहर 12:15 बजे से शाम 6 बजे तक चलने वाला था। लेकिन तकनीकी गड़बड़ी से पूरा टाइमटेबल गड़बड़ा गया। उनके साथ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव और क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल भी मौजूद थे।
हेलिकॉप्टर पर सरकार का करोड़ों खर्च
सरकारी रिकॉर्ड के मुताबिक, 2021 से 2024 के बीच छत्तीसगढ़ सरकार ने हेलिकॉप्टर और हवाई यात्रा पर 200 करोड़ रुपए से अधिक खर्च किए हैं।
- 2021-22: 6.66 करोड़ (ढिल्लन एविएशन) और 18.15 करोड़ (एयर किंग चार्टर)
- 2022-23: 59.99 करोड़ (ढिल्लन एविएशन) और 18.71 करोड़ (एयर किंग चार्टर)
- 2023-24: 89.50 करोड़ (ढिल्लन एविएशन)
- 2024-25 (अब तक): 56.11 करोड़ (ढिल्लन एविएशन)
विपक्ष के सवाल तेज
लगातार हो रही तकनीकी खामियों के चलते विपक्ष ने सरकार पर हेलिकॉप्टर सुरक्षा और मेंटनेंस को लेकर सवाल उठाने शुरू कर दिए हैं। हालांकि, CM सिक्योरिटी या जिम्मेदार विभाग की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।