सीजी भास्कर 22 अप्रैल
बलौदाबाजार कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने मंगलवार को आयोजित समय-सीमा बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में सामुदायिक स्थलों से अतिक्रमण हटाने तथा हीटवेव से निपटने के लिए अस्पतालों में जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने विशेष रूप से तालाब, डबरी और खेल मैदान जैसे सार्वजनिक स्थलों पर नए अतिक्रमण को रोकने और पहले से मौजूद अतिक्रमण को तुरंत हटाने के लिए सख्त कार्रवाई करने को कहा।
जिले में बढ़ती गर्मी को देखते हुए उन्होंने सभी अस्पतालों को हीटवेव प्रभावित मरीजों के उपचार के लिए आवश्यक दवाएं और सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) को बीएमओ और अन्य अधिकारियों की बैठक लेकर अस्पतालों की व्यवस्थाओं की समीक्षा करने को कहा।
गर्मी के मौसम में पेय पदार्थों और खाद्य सामग्री की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग को लगातार जांच अभियान चलाने और आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
30 अप्रैल तक लंबित आवेदनों का निराकरण करने के निर्देश
कलेक्टर ने सुशासन तिहार 2026 के तहत राजस्व सहित सभी विभागों में लंबित आवेदनों का निराकरण 30 अप्रैल तक पूरा करने को कहा। उन्होंने जन समस्या निवारण शिविरों के दौरान ग्राम पंचायतों में योजनाओं के शत-प्रतिशत क्रियान्वयन पर जोर दिया।
इसके अलावा, सभी हैंडपंपों को चालू रखने, जल जीवन मिशन के तहत ‘हर घर जल’ योजना को सक्रिय करने और ‘मोर गांव मोर पानी’ अभियान के अंतर्गत घर-घर जल संचयन संरचनाओं का निर्माण पूरा करने के निर्देश दिए।
राजस्व मामलों में तेजी लाने के निर्देश
राजस्व के लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने एसडीएम, तहसीलदार और नायब तहसीलदार को एक वर्ष से अधिक समय से लंबित प्रकरणों के निपटारे के लिए ठोस कार्ययोजना बनाने को कहा। साथ ही सड़क दुर्घटना से जुड़े मामलों का संवेदनशीलता के साथ शीघ्र समाधान करने के निर्देश भी दिए।
जल संसाधन विभाग को नहरों के माध्यम से तालाबों में पानी भरने की प्रक्रिया तेज करने और शेष तालाबों को 30 अप्रैल तक भरने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने जनगणना के तहत सभी अधिकारियों को ऑनलाइन स्व-गणना फॉर्म भरने के लिए भी कहा। बैठक में जिला पंचायत सीईओ दिव्या अग्रवाल, अपर कलेक्टर दीप्ति गोते, अभिषेक गुप्ता, ए.आर. टंडन, निशा नेताम मड़ावी सहित एसडीएम, तहसीलदार, जनपद सीईओ, सीएमओ और विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी मौजूद रहे।


