सीजी भास्कर, 7 अगस्त |
रायपुर। छत्तीसगढ़ में बिजली बिल हाफ योजना के तहत 400 यूनिट तक दी जा रही राहत को घटाकर 100 यूनिट किए जाने के फैसले पर कांग्रेस ने गुरुवार को सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। राजधानी रायपुर समेत सभी जिला मुख्यालयों में कांग्रेस कार्यकर्ता सड़क पर उतरे और बिजली विभाग के दफ्तरों के सामने जमकर प्रदर्शन किया। कई स्थानों पर सरकार के खिलाफ नारेबाजी के साथ पुतला दहन भी किया गया।
कांग्रेस का सरकार पर हमला: ‘जनता के साथ धोखा’
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि, “400 यूनिट तक की बिजली हाफ योजना को सीमित कर मात्र 100 यूनिट तक राहत देना सीधे-सीधे प्रदेश की जनता के साथ धोखा है।”
उन्होंने कहा कि ज्यादातर मध्यमवर्गीय और निम्नवर्गीय परिवारों की खपत 100 यूनिट से अधिक होती है। ऐसे में उन्हें अब बिजली के नाम पर दोहरा आर्थिक बोझ उठाना पड़ेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार गरीबों की जेब पर डाका डाल रही है।
रायपुर में शास्त्री चौक पर बड़ा प्रदर्शन
राजधानी रायपुर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शास्त्री चौक स्थित बिजली विभाग कार्यालय के सामने दोपहर 12 से 2 बजे तक जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे और “बिजली कटौती वापस लो” जैसे नारे लगे। कार्यकर्ताओं ने बिजली विभाग और सरकार का पुतला फूंका और फैसले को जल्द वापिस लेने की मांग की।
बिजली हाफ योजना: अब क्या बदला है?
- पहले: 400 यूनिट तक बिजली खपत पर हाफ बिल की सुविधा मिलती थी।
- अब: केवल 100 यूनिट तक की खपत पर ही हाफ बिल का लाभ मिलेगा।
- 100 यूनिट से ज्यादा खपत करने वालों को पूरी कीमत चुकानी होगी। यानी हाफ योजना का कोई लाभ नहीं मिलेगा।
कांग्रेस की मांग
कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि यदि सरकार ने यह फैसला वापस नहीं लिया, तो आने वाले दिनों में और भी बड़े स्तर पर आंदोलन किया जाएगा। पार्टी की मांग है कि 400 यूनिट तक की पुरानी हाफ बिजली योजना को तत्काल बहाल किया जाए।





