सीजी भास्कर, 05 जनवरी। छत्तीसगढ़ में साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण की दिशा में एक अहम पहल (Cyber Crime Control Chhattisgarh) करते हुए उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने कबीरधाम जिले में राजनांदगांव रेंज के पहले साइबर थाने का विधिवत शुभारंभ किया। यह साइबर थाना कवर्धा स्थित पुराने पुलिस लाइन परिसर में स्थापित किया गया है, जिसे जिले की कानून-व्यवस्था और डिजिटल सुरक्षा के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक कदम माना जा रहा है।
डिजिटल युग में साइबर सुरक्षा जरूरी
शुभारंभ अवसर पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि आज का समय पूरी तरह डिजिटल हो चुका है। शासन-प्रशासन से लेकर आम नागरिक तक ऑनलाइन सेवाओं पर निर्भर हैं। उन्होंने कहा कि जहां डिजिटल सुविधाएं बढ़ी हैं, वहीं साइबर अपराधों की घटनाएं भी सामने (Cyber Crime Control Chhattisgarh) आ रही हैं, जिनका असर महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों और युवाओं पर ज्यादा पड़ रहा है। ऐसे में साइबर थाना आम जनता को त्वरित राहत, सुरक्षा और भरोसा देने का मजबूत माध्यम बनेगा।
शुरुआती घंटों में कार्रवाई से बच सकती है ठगी की राशि
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि साइबर अपराधों में समय सबसे बड़ा फैक्टर होता है। यदि शुरुआती घंटों में सही कार्रवाई की जाए, तो ऑनलाइन ठगी की राशि को रोका जा सकता है और अपराधियों तक तेजी से पहुंचा जा सकता है। साइबर थाना के जरिए शिकायतों का तत्काल पंजीकरण, फ्रॉड की रकम को समय रहते होल्ड करना, डिजिटल साक्ष्यों का वैज्ञानिक संकलन और आरोपियों पर त्वरित कार्रवाई संभव होगी।
30 प्रशिक्षित अधिकारी, डीएसपी स्तर की निगरानी
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह ने बताया कि साइबर थाने में एक निरीक्षक प्रभारी सहित 30 प्रशिक्षित अधिकारी एवं कर्मचारी पदस्थ किए गए हैं। थाने के प्रभावी संचालन और विवेचना की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए उप पुलिस अधीक्षक (DSP) स्तर के राजपत्रित अधिकारी को पर्यवेक्षण की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
112 मामलों में 50 लाख की रिकवरी, 872 मोबाइल बरामद
पुलिस अधीक्षक ने जानकारी दी कि उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा के मार्गदर्शन में कबीरधाम पुलिस ने साइबर तकनीक का उपयोग करते हुए 112 ऑनलाइन ठगी मामलों में करीब 50 लाख रुपये पीड़ितों को वापस (Cyber Crime Control Chhattisgarh) कराए हैं। इसके साथ ही CEIR पोर्टल के माध्यम से 872 गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन बरामद कर नागरिकों को लौटाए गए हैं, जो जिले में साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण को दर्शाता है।
महिलाओं और बच्चों के मामलों में प्राथमिकता
उन्होंने बताया कि गंभीर अपराधों की जांच में कॉल डिटेल रिकॉर्ड, लोकेशन ट्रैकिंग और डिजिटल साक्ष्यों का प्रभावी उपयोग कर आरोपियों तक शीघ्र पहुंच बनाई जा रही है। महिलाओं और बच्चों से जुड़े साइबर अपराधों में विशेष संवेदनशीलता और प्राथमिकता के साथ कार्रवाई की जा रही है।
कार्यक्रम में रहे कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र बघेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित पटेल, डीएसपी कृष्ण कुमार चंद्राकर, डीएसपी आशीष शुक्ला, साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक महेश प्रधान, कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक योगेश कश्यप सहित अन्य पुलिस अधिकारी, जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
राजनांदगांव रेंज के पहले साइबर थाने की शुरुआत से कबीरधाम जिले में डिजिटल अपराधों की रोकथाम, त्वरित विवेचना और नागरिकों की साइबर सुरक्षा को नई मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।





