सीजी भास्कर, 03 जुलाई : बीमा रिफंड साइबर ठगी (Insurance Refund Cyber Fraud) के एक बड़े मामले का खुलासा करते हुए दुर्ग पुलिस ने अंतरराज्यीय साइबर गिरोह के तीन आरोपियों को दिल्ली से गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने बीमा पॉलिसी का रिफंड दिलाने का झांसा देकर एक व्यक्ति से करीब 1 करोड़ 60 लाख रुपये की ठगी की थी। जांच में सामने आया है कि आरोपी अपने बैंक खाते साइबर अपराधियों को उपलब्ध कराते थे, जिनका इस्तेमाल एक नाइजीरियन साइबर नेटवर्क द्वारा किया जा रहा था।
बीमा लोकपाल अधिकारी बनकर किया करोड़ों का फ्रॉड
रेंज साइबर थाना दुर्ग में दर्ज शिकायत के अनुसार आरोपियों ने खुद को बीमा लोकपाल कार्यालय का अधिकारी बताकर पीड़ित से संपर्क किया। उन्होंने बीमा पॉलिसी की राशि रिफंड कराने का भरोसा दिलाते हुए विभिन्न बैंक खातों में रकम जमा कराने के लिए कहा।
झांसे में आए पीड़ित ने कई बार ऑनलाइन ट्रांजेक्शन किए, जिसके बाद उसे करीब 1.60 करोड़ रुपये की आर्थिक चपत लगी। ठगी का एहसास होने पर पीड़ित ने मामले की शिकायत रेंज साइबर थाना में दर्ज कराई।
तकनीकी जांच से खुला साइबर नेटवर्क का राज
बीमा रिफंड साइबर ठगी (Insurance Refund Cyber Fraud) की जांच के दौरान पुलिस ने बैंक खातों, मोबाइल नंबरों और डिजिटल ट्रांजेक्शन का तकनीकी विश्लेषण किया। जांच में सबसे पहले एक बैंक खाताधारक को हिरासत में लिया गया, जिससे पूछताछ के दौरान कई अहम सुराग मिले।
इन्हीं जानकारियों के आधार पर रेंज साइबर थाना की विशेष टीम दिल्ली पहुंची और आरोपियों तक पहुंचने में सफलता हासिल की।
दिल्ली से तीन आरोपी गिरफ्तार
दुर्ग पुलिस ने दिल्ली से मनमीत सिंह, ईशांत माहे उर्फ ईशु और अमनदीप सिंह को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने पैसों के लालच में अपने नाम से बैंक खाते खुलवाकर साइबर ठगों को उपलब्ध कराए थे।
पुलिस के मुताबिक इन खातों का इस्तेमाल एक विदेशी, विशेष रूप से नाइजीरियन साइबर गिरोह द्वारा किया जा रहा था। जांच में आरोपियों के बैंक खातों में करोड़ों रुपये के संदिग्ध लेन-देन भी सामने आए हैं।
विदेशी साइबर नेटवर्क से जुड़े तार खंगाल रही पुलिस
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस साइबर गिरोह से और कौन-कौन लोग जुड़े हैं तथा देशभर में कितने लोगों को इसी तरह बीमा रिफंड के नाम पर ठगी का शिकार बनाया गया। मामले में अन्य संदिग्धों की तलाश और बैंक खातों की जांच भी जारी है।



