सीजी भास्कर, 01 अक्टूबर। दिवाली-दशहरा से पहले केंद्रीय कर्मचारियों को कैबिनेट ने महंगाई भत्ता (DA Hike) में 3 फीसदी इजाफे की मंजूरी दे दी है। कैबिनेट ने बुधवार को केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के लिए महंगाई भत्ते में 3 प्रतिशत की बढ़ोतरी का एलान किया। इसके साथ ही अब कर्मचारियों का महंगाई भत्ता 55 प्रतिशत से बढ़कर 58 प्रतिशत हो जाएगा। यह बढ़ोतरी 1 जुलाई, 2025 से प्रभावी मानी जाएगी।
कर्मचारियों को जुलाई, अगस्त और सितंबर का बकाया दिवाली से ठीक पहले अक्टूबर के वेतन के साथ दिया जाएगा। इसका मतलब है कि कर्मचारियों की सैलरी में अच्छी-खासी बढ़ोतरी होगी। इससे कर्मचारी और पेंशनर्स त्योहारों पर जमकर खरीदारी कर सकेंगे। यह बढ़ोतरी सातवें वेतन आयोग के दायरे में आने वाले सभी केंद्र सरकार के कर्मचारियों के साथ-साथ पेंशनर्स और फैमिली पेंशनर्स पर लागू होगी।
2025 का दूसरा बड़ा तोहफा दिवाली से पहले केंद्रीय कर्मचारी और पेंशनर्स को महंगाई भत्ते (DA Hike) और महंगाई राहत (DR Hike) में बढ़ोतरी के रूप में दिया गया है। यह इस साल का दूसरा हाइक है। बता दें सरकार की ओर से साल में दो बार महंगाई भत्ते में संशोधन किया जाता है।
कितनी बढ़ेगी सैलरी?
अगर किसी की बेसिक सैलरी ₹30,000 है तो उसे प्रति माह ₹900 अतिरिक्त मिलेंगे, जबकि ₹40,000 वेतन पाने वाले को ₹1,200 अतिरिक्त मिलेंगे। तीन महीनों का बकाया कुल ₹2,700 से ₹3,600 तक होगा। त्योहारों के समय यह राशि कर्मचारियों के लिए बड़ी राहत होगी।
CPI-IW आंकड़े पर आधारित है डीए बढ़ोतरी
औद्योगिक श्रमिकों के लिए अखिल भारतीय उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (CPI-IW) से मापी गई मुद्रास्फीति के रुझानों पर महंगाई भत्ता (DA) और महंगाई राहत (DR) की बढ़ोतरी निर्भर करती है। इन्हें साल में दो बार, जनवरी और जुलाई में संशोधित किया जाता है। हालांकि, ऐलान में अक्सर देरी होती है, लेकिन बकाया राशि इसकी भरपाई कर देती है। माना जा रहा है कि यह संशोधन सातवें वेतन आयोग के तहत अंतिम होगा। जनवरी 2026 से 8वां वेतन आयोग लागू हो सकता है।
करोड़ों कर्मचारियों को लाभ
कैबिनेट के इस निर्णय से महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी का सीधा लाभ सभी केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनर्स को मिलेगा। इससे करीब 48 लाख कर्मचारियों और 68 लाख पेंशनभोगियों या पूर्व कर्मचारियों को फायदा होगा। (DA Hike)


