सीजी भास्कर, 16 दिसंबर। दिल्ली-आगरा एक्सप्रेसवे (Delhi-Agra Expressway Accident) पर घने कोहरे के बीच एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है। उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में स्थित यमुना एक्सप्रेसवे पर आगरा से दिल्ली की ओर जा रहे 10 वाहनों के बीच जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में 7 बसें और 3 कारें शामिल हैं। दुर्घटना में 4 यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि करीब 25 लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
सोमवार देर रात हुए इस हादसे (Delhi-Agra Expressway Accident)के बाद एक्सप्रेसवे पर अफरा-तफरी मच गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कुछ वाहनों में आग लग गई। मौके पर चीख-पुकार मच गई और यात्री जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए। सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन, एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।
(Delhi-Agra Expressway Accident) कैसे हुआ हादसा
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि हादसा घने कोहरे और बेहद कम दृश्यता के कारण हुआ। कोहरा इतना घना था कि वाहन चालकों को सामने का रास्ता साफ दिखाई नहीं दे रहा था। इसी दौरान एक वाहन के अचानक ब्रेक लगाने से पीछे से आ रहे वाहन आपस में टकराते चले गए और देखते ही देखते कई बसें और कारें एक-दूसरे से भिड़ गईं।
डीएम ने दी अहम जानकारी
मथुरा के जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने बताया कि यह हादसा सुबह करीब 4 बजे से 4:30 बजे के बीच हुआ। उन्होंने बताया कि अब तक चार लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है और 25 घायलों का इलाज विभिन्न अस्पतालों में चल रहा है। आग पर काबू पाने के लिए 20 फायर ब्रिगेड इंजनों की मदद ली गई। फिलहाल बचाव अभियान अपने अंतिम चरण में है।
सीएम योगी ने जताया दुख, सहायता राशि का ऐलान
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस सड़क दुर्घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए राहत कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिवारों को 2 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।
सीएम योगी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा कि जनपद मथुरा में यमुना एक्सप्रेसवे पर हुई सड़क दुर्घटना अत्यंत दुखद एवं हृदय विदारक है। उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।






