सीजी भास्कर, 11 नवंबर। महिला ने शिकायत में बताया है कि भोपाल कलेक्टोरेट में पदस्थ डिप्टी कलेक्टर राजेश सोरते वर्ष 2022 में पचोर में तहसीलदार थे। इसी दौरान उन्होंने महिला को प्रेमजाल में फंसाया और कई जिलों में सरकारी हाउस और वीआईपी गेस्ट हाउस समेत दिल्ली तक घुमाया। इस दौरान शादी का झांसा देकर दुष्कर्म भी किया।

आपको बता दें कि भोपाल कलेक्टर कार्यालय में पदस्थ डिप्टी कलेक्टर राजेश सोरते पर एक महिला ने शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। राजगढ़ जिले के पचोर थाना क्षेत्र की एक महिला ने शुक्रवार को राजगढ़ एसपी आदित्य मिश्रा से इस मामले में शिकायत की है। एसपी ने सारंगपुर एसडीओपी अरविंद सिंह को मामले की जांच सौंपी है। राजगढ़ एसपी आदित्य मिश्रा का कहना है कि मामले की जांच चल रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई होगी।
महिला का यह भी आरोप है कि थाने में सुनवाई न होने पर उसने दो दिन पहले महिला आयोग, मानवाधिकार आयोग और एसपी आदित्य मिश्रा को शिकायत की है। डिप्टी कलेक्टर राजेश सोरते का कहना है कि मैं पचोर में पदस्थ था। महिला भी विभागीय कर्मचारी है। तब महिला ने परिवार की दयनीय स्थिति के नाम पर रुपए उधार लिए थे। मुझे बाद में पता चला कि महिला का आपराधिक बैकग्राउंड है, मुझे जानकारी नहीं है कि महिला क्या आरोप लगा रही है।