सीजी भास्कर, 29 अक्टूबर। करपावंड में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। बिहार के रोहतास जिले की रहने वाली सृष्टि उर्फ प्रिया गुप्ता ने दहेज के लिए लगातार प्रताड़ना से तंग आकर सोमवार को छत से कूदकर आत्महत्या कर ली। (Dowry Harassment Case) मौत से पहले उसने पेपर पर सुसाइड नोट लिखा और अपने पिता को व्हाट्सऐप पर भेज दिया।
11 साल से सह रही थी यातना
जानकारी के अनुसार, जगदलपुर जिले में सृष्टि की शादी 11 साल पहले करपावंड निवासी सत्येंद्र गुप्ता से हुई थी। उसके दो बच्चे हैं 11 साल की बेटी और 5 साल का बेटा। शादी के बाद से ही पति, जेठ संतोष गुप्ता, ससुर जगरनाथ गुप्ता और सास द्वारा उसे दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित किया जा रहा था।
परिजनों का कहना है कि ससुराल पक्ष लगातार मायके से नकद और महंगे सामान लाने के लिए दबाव डालता था। इंकार करने पर उसकी बेरहमी से पिटाई की जाती थी और ताने दिए जाते थे। सृष्टि के पिता ने बताया कि उसने कई बार ससुराल पक्ष की शिकायत की, लेकिन परिवारिक झगड़े का हवाला देकर मामला दबा दिया गया।
आत्महत्या से पहले भेजा सुसाइड नोट
घटना वाले दिन सुबह मामूली बात पर फिर झगड़ा हुआ। बताया जा रहा है कि दुकान में झाड़ू लगाने में देरी होने से नाराज सास और जेठ ने सृष्टि की पिटाई की और उसे कथित रूप से निर्वस्त्र कर दिया। अपमान और यातना से टूट चुकी सृष्टि ने घर की छत से छलांग लगा दी। गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
उसने मरने से पहले एक कागज पर लिखा “अब नहीं सह सकती। मेरी मौत के जिम्मेदार मेरे ससुराल वाले हैं।” सृष्टि ने यह सुसाइड नोट अपने पिता को व्हाट्सऐप पर भेजा। पिता ने तत्काल इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी।
पुलिस जांच में जुटी
मामले की जानकारी मिलते ही करपावंड थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। पुलिस ने ससुराल पक्ष के खिलाफ दहेज प्रताड़ना और आत्महत्या के लिए उकसाने की धाराओं में केस दर्ज किया है। थाना प्रभारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में प्रताड़ना और घरेलू हिंसा की पुष्टि हुई है। आरोपियों की तलाश की जा रही है और जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।
इस घटना ने एक बार फिर दहेज प्रथा और महिला उत्पीड़न पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि सृष्टि शांत और मेहनती महिला थी, जो बच्चों के लिए सब सहती रही। अब उसकी मौत ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है।


