सीजी भास्कर, 3 दिसम्बर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रशासनिक प्रक्रियाओं को सरल, पारदर्शी और तेज बनाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने मंत्रालय में ई-गजट ऑनलाईन पोर्टल (eGazette Portal) का शुभारंभ किया। इस अवसर पर राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग की सचिव रीना बाबासाहेब कंगाले भी मौजूद थीं।
इस नए ई-गजट ऑनलाईन पोर्टल (eGazette Portal) के माध्यम से अब शासन के सभी विभाग और जिला कलेक्टरों द्वारा जारी आदेश, अधिसूचनाएँ, अध्यादेश और अन्य प्रकाशन सामग्री सीधे ऑनलाइन पांडुलिपि रूप में संचालक, मुद्रण तथा लेखन सामग्री विभाग को भेजी जाएगी। इसके बाद शासकीय मुद्रणालय इसे ई-गजट के रूप में ऑनलाइन प्रकाशित करेगा।
राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा विकसित यह नवीन प्रणाली राजपत्र प्रकाशन की संपूर्ण प्रक्रिया को पूरी तरह डिजिटल माध्यम में परिवर्तित कर देगी। पहले विभागों और जिला कार्यालयों से मुद्रणालय तक पांडुलिपि भौतिक रूप से भेजी जाती थी, जिससे समय काफी लगता था। अब विभाग अपने आदेश और अधिसूचनाएँ सीधे पोर्टल पर अपलोड करेंगे और प्रकाशित राजपत्र भी सबके लिए ऑनलाइन उपलब्ध रहेगा।
नई ई-गजट प्रणाली लागू होने से अधिसूचना प्रकाशन के कार्य में उल्लेखनीय गति आएगी। डिजिटल प्लेटफॉर्म से न केवल प्रक्रिया सरल होगी बल्कि इसे पूरी तरह पेपरलेस बनाकर शासन की ई-गवर्नेंस नीति को भी मजबूत आधार मिलेगा। इसके साथ राजपत्रों का ऑनलाइन प्रकाशन पारदर्शिता, सुलभता और रिकॉर्ड प्रबंधन को और अधिक प्रभावी बनाएगा।
छत्तीसगढ़ सरकार की यह पहल राज्य में डिजिटल शासन, त्वरित निर्णय प्रक्रिया और प्रशासनिक दक्षता बढ़ाने की दिशा में एक बड़ा बदलाव मानी जा रही है। ई-गजट पोर्टल शुरू होने के बाद अब राजपत्र प्रकाशन अधिक सुगम, समयबद्ध और आधुनिक स्वरूप में उपलब्ध हो सकेगा।


