सीजी भास्कर, 9 दिसंबर। रेटिंग एजेंसी क्रिसिल इंटेलिजेंस की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, इस वर्ष नवंबर में घर पर बनने वाली शाकाहारी और मांसाहारी थाली (Food Cost November 2025) की लागत में वार्षिक आधार पर 13 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। इसका मुख्य कारण सब्जियों और दालों की कीमतों में कमी है।
रिपोर्ट में कहा गया है कि उच्च आपूर्ति के कारण पिछले महीने टमाटर (Food Cost November 2025) की कीमतों में 17 प्रतिशत की गिरावट रही। वहीं, उच्च आधार के कारण आलू की कीमतें 29 प्रतिशत कम हुई हैं। रबी स्टॉक और सुस्त निर्यात के कारण प्याज के मूल्य में 53 प्रतिशत और दालों की कीमत में 17 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई।
दालों की कीमत में कमी का प्रमुख कारण बढ़ता भंडारण और चना, पीले मटर और काले चने का भारी आयात है। हालांकि, मासिक आधार पर पिछले महीने शाकाहारी थाली की लागत दो प्रतिशत बढ़ी है और मांसाहारी थाली की लागत एक प्रतिशत घटी है।
क्रिसिल इंटेलिजेंस के निदेशक पुषान शर्मा ने कहा कि मध्यम अवधि में प्याज की कीमतों में वृद्धि होने की संभावना है क्योंकि खरीफ की कटाई में देरी और कम उपज हो रही है। हालांकि, आलू की कीमतें और भी कम होने की संभावना है क्योंकि स्टाक बाजार में जारी किया जा रहा है। रेटिंग एजेंसी ने अनुमान लगाया कि दालों की कीमतें निकट भविष्य में 30 प्रतिशत आयात शुल्क और काले चने के अनियंत्रित आयात के कारण सीमित रहेंगी।





