सीजी भास्कर, 27 मार्च। महासमुंद जिले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तरबूज से भरे वाहन के अंदर छिपाकर (Ganja Seizure Mahasamund) ले जाए जा रहे गांजा की बड़ी खेप को पकड़ा है। ऑपरेशन ‘निश्चय’ के तहत की गई इस कार्रवाई में करीब 2 क्विंटल 25 किलो गांजा जब्त किया गया है, जिसकी बाजार कीमत लगभग 1 करोड़ 12 लाख रुपये बताई जा रही है। इस मामले में 6 तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।
तरबूज के नीचे छिपाकर हो रही थी तस्करी
पुलिस को सूचना मिली थी कि उड़ीसा से एक पिकअप वाहन में अवैध गांजा लाया जा रहा है, जिसकी पायलटिंग एक कार कर रही है। सूचना के आधार पर एनएच-53 पर रेहटीखोल के पास नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की गई। कुछ ही देर में संदिग्ध कार और उसके पीछे चल रही पिकअप को रोका गया।
पूछताछ में खुला पूरा राज
जांच के दौरान पिकअप वाहन में ऊपर तरबूज लोड था, जबकि नीचे प्लास्टिक की बोरियों में गांजा छिपाकर रखा गया था। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वे यह गांजा ओडिशा के संबलपुर से उत्तरप्रदेश के चित्रकूट ले जा रहे थे। पुलिस ने मौके पर ही सभी आरोपियों को हिरासत में ले लिया।
लाखों की संपत्ति भी जब्त
इस कार्रवाई में पुलिस ने 2.25 क्विंटल गांजा के अलावा तस्करी में इस्तेमाल पिकअप वाहन, पायलटिंग कार, 6 मोबाइल फोन समेत कुल लगभग 1.25 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की है। मामले में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
संगठित गिरोह पर पुलिस की नजर
इस पूरे ऑपरेशन को एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और थाना सिंघोड़ा पुलिस की संयुक्त टीम ने अंजाम दिया। पुलिस अब इस नेटवर्क के सोर्स और डेस्टिनेशन को लेकर गहराई से जांच कर रही है, ताकि तस्करी के पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सके।


