सीजी भास्कर, 7 दिसंबर। गोवा नाइट क्लब आग हादसे (Goa Nightclub Fire) पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख जताया है। साथ ही, उन्होंने मृतकों के परिवार को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (Prime Minister’s National Relief Fund) से 2-2 लाख रुपये देने का ऐलान किया है। वहीं, घायलों को 50-50 हजार रुपये दिए जाएंगे। मालूम हो कि, गोवा के उत्तर जिले में स्थित अर्पोरा गांव में शनिवार (6 दिसंबर 2025) रात बड़ा हादसा हो गया। यहां एक नाइट क्लब में भीषण आग लगने से 25 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई।
(Goa Nightclub Fire) पीएम ने जताया दुख
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट के जरिए दुख जताया है। उन्होंने कहा कि गोवा के अरपोरा में आग लगने की घटना बहुत दुखद है। मेरी संवेदनाएं उन सभी लोगों के साथ हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है। घायल लोग जल्द से जल्द ठीक हों। मैंने गोवा के मुख्यमंत्री डॉ. प्रमोद सावंत से स्थिति के बारे में बात की। राज्य सरकार प्रभावित लोगों को हर संभव मदद दे रही है।
गोवा पुलिस ने दी अहम जानकारी
गोवा पुलिस ने बताया कि नॉर्थ गोवा के अरपोरा में बिर्च बाय रोमियो लेन में एक बड़ी आग (Goa Nightclub Fire) लग गई, जिसमें 25 लोगों की मौत हो गई, जिनमें से 4 टूरिस्ट थे, 14 स्टाफ मेंबर थे और 7 लोगों की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। छह लोग घायल हैं और उनका इलाज चल रहा है। आग लगने का कारण अभी पता नहीं चला है। पुलिस और फायर डिपार्टमेंट जांच कर रहे हैं। कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
कैसे हुआ इतना बड़ा हादसा
जानकारी के मुताबिक, रात करीब 12 बजे किचन में खाना बनाया जा रहा था। इस दौरान अचानक से सिलेंडर फट गया और हर तरफ आग फैल गई। ब्लास्ट इतना बड़ा था कि काफी दूर तक आवाज सुनाई दी और लोगों में चीख-पुकार मच गई। रात 12:04 बजे पुलिस कंट्रोल रूम में दुर्घटना से जुड़ा कॉल आया। सूचना मिलते ही पुलिस फौरन मौके पर पहुंची और आग पर काबू पा लिया गया। हालांकि, इस हादसे में 25 लोगों की झुलस कर मौत हो गई।






