सीजी भास्कर, 27 मार्च। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में एक मामूली विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया, जहां काम के दौरान हुई कहासुनी एक मजदूर की जान पर भारी पड़ गई। पुलगांव थाना क्षेत्र के ग्राम समोदा में 27 मार्च को हुए इस हमले में घायल मजदूर ने 6 दिन तक जिंदगी और मौत से जूझने के बाद आखिरकार दम तोड़ दिया।
काम के दौरान शुरू हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक, 55 वर्षीय मजदूर गोविंद यादव अपने सहकर्मी परमेश्वर यादव के साथ काम कर रहे थे। इसी दौरान गोविंद ने उसे सावधानी बरतने के लिए कहा कि वह साइड में हटकर रहे, क्योंकि उसके ऊपर बोरी गिर सकती है। इसी छोटी सी बात पर दोनों के बीच बहस शुरू हो गई, जो देखते ही देखते बढ़ती चली गई।
गुस्से में किया हमला
विवाद बढ़ने पर आरोपी परमेश्वर यादव ने आपा खो दिया और धारदार हथियार से गोविंद यादव पर हमला कर दिया। हमले में गोविंद गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल शंकराचार्य मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा था।
6 दिन बाद मौत, परिवार पर टूटा दुख
करीब 6 दिनों तक अस्पताल में इलाज के दौरान गोविंद यादव जिंदगी की जंग लड़ते रहे, लेकिन आखिरकार उन्होंने दम तोड़ दिया। वे अपने परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। पीछे पत्नी, एक बेटी और तीन बेटे हैं, जिन पर अब दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
आरोपी गिरफ्तार, जांच जारी
घटना के बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कार्रवाई जारी है। वहीं मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए सुपेला अस्पताल की मरचुरी में रखा गया है। इस घटना ने एक बार फिर दिखा दिया कि छोटी-सी बहस भी किस तरह बड़े हादसे में बदल सकती है।


