रायपुर। Highway Stunt Risk : छत्तीसगढ़ में स्कूल फेयरवेल के दौरान छात्रों द्वारा किए जा रहे खतरनाक स्टंट अब सड़क सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बनते जा रहे हैं। हाल के दिनों में सामने आए कई वायरल वीडियो में छात्र चलती गाड़ियों से बाहर लटकते, बोनट पर बैठते और तेज आवाज वाले हूटर बजाते हुए हाईवे पर दौड़ते नजर आए, जिससे आम लोगों में डर और नाराजगी दोनों देखी गई।
सूरजपुर में राष्ट्रीय राजमार्ग पर खुलेआम स्टंट
सूरजपुर जिले का मामला सबसे पहले चर्चा में आया, जहां डीएवी पब्लिक स्कूल के छात्र फेयरवेल कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पांच कारों में सवार होकर नेशनल हाईवे पर निकले। छात्रों ने कार की खिड़कियों से बाहर निकलकर स्टंट किए और पूरे घटनाक्रम का वीडियो खुद ही सोशल मीडिया पर साझा कर दिया। (Road Safety Violation) सामने आने के बाद पुलिस ने सभी वाहनों को जब्त कर लिया।
जांजगीर-चांपा में स्कूल परिसर तक पहुंचा खतरा
दूसरा मामला जांजगीर-चांपा जिले के जीएलडी स्कूल से जुड़ा है। यहां छात्रों ने फेयरवेल के दौरान कार की खिड़कियों से बाहर निकलकर और कुछ ने बोनट पर बैठकर स्कूल परिसर में एंट्री ली। वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस ने वाहन चालकों की पहचान कर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालान काटे और सख्त चेतावनी दी।
धरसींवा में चलती गाड़ी में खड़े होकर जश्न
धरसींवा क्षेत्र के स्वामी आत्मानंद स्कूल से सामने आए वीडियो में छात्र चलती कार के दरवाजों और खिड़कियों से बाहर निकलकर हाथ लहराते, नाचते और शोर मचाते दिखाई दिए। (Student Farewell Stunt) को लेकर स्थानीय लोगों ने नाराजगी जताई और इस तरह की हरकतों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।
परिजनों की गाड़ियां, बच्चों के हाथ में स्टेयरिंग
पुलिस जांच में सामने आया कि कई मामलों में इस्तेमाल की गई गाड़ियां छात्रों के परिजनों की थीं और कुछ वाहन छात्रों द्वारा खुद चलाए जा रहे थे। नियमों के उल्लंघन को गंभीर मानते हुए पुलिस ने वाहन मालिकों को थाने बुलाकर आगे की कार्रवाई शुरू की है।
वायरल रील्स की होड़ बनी हादसों की वजह
बताया जा रहा है कि रील्स और वायरल वीडियो की चाह में युवा अपनी और दूसरों की जान को खतरे में डाल रहे हैं। इससे पहले भी सड़कों पर केक काटने, तलवार लहराने और बाइक स्टंट जैसे मामले सामने आ चुके हैं, जिन पर न्यायिक स्तर से भी सख्त टिप्पणियां की जा चुकी हैं।
पुलिस की चेतावनी, अगली बार होगी कड़ी कार्रवाई
पुलिस अधिकारियों ने साफ किया है कि भविष्य में इस तरह के मामलों में केवल चेतावनी नहीं, बल्कि कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। छात्रों और अभिभावकों से अपील की गई है कि फेयरवेल या किसी भी जश्न को यादगार बनाने के लिए कानून और सुरक्षा से खिलवाड़ न करें।




