सीजी भास्कर, 23 अक्टूबर। खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में समर्थन मूल्य पर धान एवं मक्का खरीदी (Illegal Paddy Transport) की तैयारी जिला प्रशासन ने युद्धस्तर पर शुरू कर दी है। इसी क्रम में गुरुवार को जिला पंचायत सभाकक्ष में नोडल अधिकारियों के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण का आयोजन किया गया।
कलेक्टर दीपक सोनी ने इस दौरान अधिकारियों को उनके कार्यों और दायित्वों की विस्तृत जानकारी देते हुए निर्देश दिए कि खरीदी केंद्रों में अवैध धान परिवहन (Illegal Paddy Transport) और बिचौलियों की सक्रियता (Middlemen Activities) पर सख्त नजर रखी जाए।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि किसी समिति में अवैध धान खपाने या परिवहन का प्रयास होता है, तो तत्काल संबंधित तहसीलदार और समिति प्रबंधक को सूचना दी जाए।
कलेक्टर ने सभी नोडल अधिकारियों को अपने क्षेत्र के संदिग्ध व्यक्तियों और बिचौलियों की सूची तैयार करने को कहा, ताकि खरीदी के दौरान निगरानी मजबूत रहे।
कलेक्टर ने दिए सख्त निर्देश
कलेक्टर सोनी ने बताया कि जिले में लगभग 12 जांच नाके (Check Posts) स्थापित किए गए हैं, जिन्हें शीघ्र सक्रिय करने और नए सिरे से कर्मचारियों की ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए गए हैं। प्रत्येक नाके पर दैनिक कार्यवाही की रिपोर्ट तैयार कर जिला कार्यालय को भेजी जाएगी।
उन्होंने कहा कि इस वर्ष धान खरीदी एग्रीस्टेक पंजीयन (Agristack Registration), डिजिटल क्रॉप सर्वे और फिजिकल वेरिफिकेशन के आधार पर होगी। अब तक जिले में 1.55 लाख किसानों का पंजीयन पूरा हो चुका है, जबकि करीब 2,372 किसानों का पंजीयन शेष है, जिसे दो दिनों के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
ग्रामसभा में दावा-आपत्ति का होगा पारदर्शी निराकरण
कलेक्टर ने कहा कि ग्रामसभा के दौरान किसानों से प्राप्त दावा-आपत्तियों का निराकरण फिजिकल वेरिफिकेशन ऐप के माध्यम से ऑनलाइन एंट्री के बाद किया जाएगा और सूची ग्राम पंचायत के सार्वजनिक स्थल पर चस्पा की जाएगी। उन्होंने गुणवत्तापूर्ण बरदाने, उचित स्टैकिंग, जिला नियंत्रण कक्ष की सक्रियता और खरीदी केंद्रों पर समुचित कानून व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया। इस अवसर पर जिला खाद्य अधिकारी पुनीत वर्मा, उप पंजीयक सहकारिता उमेश गुप्ता, जिला विपणन अधिकारी, सहकारी बैंक के नोडल अधिकारी एवं सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।


