सीजी भास्कर, 2 जनवरी। जिला प्रशासन ने अवैध धान (Illegal Paddy Transport) के परिवहन पर कड़ा अंकुश लगाया है। राजनांदगांव कलेक्टर जितेन्द्र यादव के निर्देशानुसार, जिले में अवैध धान की रोकथाम के लिए राजस्व विभाग की टीम ने 1 जनवरी 2026 की रात्रि महाराष्ट्र सीमा से लगे क्षेत्रों में निरीक्षण के दौरान दो ट्रकों को पकड़कर कुल 615 कट्टा अवैध धान जप्त किया।
रात्रि लगभग 9 बजे राजस्व अधिकारियों का दल सीमावर्ती क्षेत्रों का निरीक्षण कर रहा था। इस दौरान महाराष्ट्र के सालेकसा से कोठीटोला-कारूटोला मार्ग से छत्तीसगढ़ की ओर आ रहे वाहन क्रमांक एमएच 11 एएल 4288 और एमएच 49-0272 को रोका गया। जांच में पहला वाहन 315 कट्टा और दूसरे वाहन में 300 कट्टा धान पाया गया। वाहन चालकों एवं स्वामियों से वैध दस्तावेज, मंडी पर्ची या अन्य आवश्यक कागजात मांगे गए, लेकिन किसी ने भी प्रस्तुत नहीं किया। इस कारण दोनों वाहनों और कुल 615 कट्टा धान को जप्त कर सुरक्षित अभिरक्षा में रखा गया।
कलेक्टर ने निर्देश दिए हैं कि जिले की सीमाओं पर निगरानी और सघन जांच जारी रहे। जप्त किए गए वाहनों और धान को शासन के पक्ष में राजसात करने की वैधानिक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। प्रशासन बिचौलियों और अवैध धान परिवहनकर्ताओं के विरुद्ध लगातार कार्रवाई कर रहा है।
इस सफलता से जिले में अवैध धान के व्यापार और परिवहन पर नियंत्रण सख्त होने की उम्मीद है और यह ग्रामीण किसानों एवं उपभोक्ताओं की हितग्राही व्यवस्था (Public Distribution System) को सुरक्षित रखने की दिशा में अहम कदम है।





