सीजी भास्कर, 24 नवंबर। बलौदाबाजार वन मंडल के अर्जुनी परिक्षेत्र में अवैध शिकार की रोकथाम को लेकर (Illegal Wildlife Hunting) वन विभाग लगातार अभियान चला रहा है। इसी कड़ी में चीतल के अवैध शिकार से जुड़े महत्वपूर्ण प्रकरण में लंबे समय से फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
वनमण्डलाधिकारी गणवीर धम्मशील के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई को विभाग ने बड़ी सफलता माना है। 19 नवंबर 2025 को पहले फरार आरोपी को पकड़ा गया था, जबकि 22 नवंबर को दूसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान श्रीधर वल्द मंगल सिंह बरिसा और अनिल वल्द चमार सिंह बरिहा (निवासी अर्जुनी) के रूप में हुई है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों को जिला जेल बलौदाबाजार भेज दिया गया है।
वनमण्डलाधिकारी ने पूरी टीम की तत्परता और समन्वय की सराहना करते हुए कहा कि विभाग इसी तरह कठोर कार्रवाई जारी रखेगा। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि यदि कहीं भी फंदा लगाना, इलेक्ट्रिक ट्रैपिंग या किसी भी संदिग्ध शिकार गतिविधि की जानकारी मिले तो तुरंत नजदीकी वन परिक्षेत्र कार्यालय को सूचना दें। समय पर सूचना कई वन्यजीवों की जान बचा सकती है।
उल्लेखनीय है कि यह मामला 24 अगस्त 2025 को अर्जुनी परिक्षेत्र (Illegal Wildlife Hunting) में दर्ज किया गया था। चार आरोपियों में से दो को घटना के दिन ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था, जबकि ये दोनों आरोपी लंबे समय से फरार थे। अर्जुनी परिक्षेत्र की टीम लगातार इनकी तलाश में जुटी हुई थी, जिसके बाद सफलता मिली है।
