सीजी भास्कर, 22 जून |
गोरखपुर थाना क्षेत्र निवासी एक युवती की दमोह में नानी के घर आते-जाते वहां के एक युवक से दोस्ती हो गई। युवक ने इसके बाद उसे प्रेमजाल में फंसाया। विवाह का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया और फिर अचानक अपने वादे से मुकर गया। तब युवती ने पुलिस को सब कुछ बताया। 19 वर्षीय युवती दमोह स्थित ननिहाल अक्सर आती-आती थी। कुछ समय पूर्व उसकी दमोह में विशाल दिनकर से मुलाकात हुई। वह दमोह में रहता था। कुछ समय बाद उनकी फोन पर बातचीत होने लगी।
शादी का झांसा देकर कई बार किया दुष्कर्म
इसी दौरान युवक ने युवती से प्रेम करने का दावा किया। उसके साथ विवाह की बात कही। इसके बाद उनके बीच बातचीत लगातार होने लगी। विशाल पिछले साल नवंबर महीने में युवती से मिलने के लिए शहर पहुंचा। जब युवती गोरखपुर स्थित अपने घर पर अकेली थी, वह चोरी छिपे उससे मिलने गया। इस दौरान विशाल ने उससे शीघ्र विवाह करने की बात कही। फिर उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद वह अक्सर शहर आने लगा। जब आता वह युवती को अकेले में मिलने के लिए बुलाता और उसके साथ दुष्कर्म करता था।
शादी के प्रस्ताव पर पलट गया युवक
कुछ दिन पूर्व युवती अपनी मां के साथ दमोह गई। वहां भी विशाल ने उसे अकेले में मिलने के लिए बुलाया और फिर उसके साथ दुष्कर्म किया। तब युवती ने उससे विवाह के बारे में पूछा। इसके बाद युवक अपने वादे से पलट गया और विवाह करने से मना कर दिया। बाद में उसने लड़की से बातचीत बंद कर दी। युवती की शिकायत पर दमोह के कोतवाली थाना में आरोपित विशाल दिनकर के खिलाफ शून्य पर मामला पंजीबद्ध किया। घटनास्थल जबलपुर होने के कारण केस डायरी यहां भेजी गई है। आगे की जांच गोरखपुर पुलिस करेगी।