सीजी भास्कर, 10 अगस्त |
जशपुर, छत्तीसगढ़ – छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां एक युवक ने युवती को शादी का झांसा देकर कई बार रेप किया। आरोपी शादी का वादा कर पीड़िता को फंसाने के बाद अचानक गोवा भाग गया और बाद में शादी करने से मना कर दिया। मामला कोल्हेनझरिया पुलिस चौकी क्षेत्र का है।
घटना की पूरी जानकारी
पुलिस के अनुसार, आरोपी संकेत साय (22) मेंडरबाहर का रहने वाला है। वर्ष 2021 में पढ़ाई के दौरान उसकी मुलाकात 21 वर्षीय युवती से हुई। दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और 28 जुलाई 2021 को उसने युवती को प्यार का इजहार किया। युवती को भरोसा दिलाकर उसने शादी का वादा किया और बहला-फुसला कर कई बार शारीरिक शोषण किया।
शादी का झांसा देकर किया शोषण
9 जून 2024 को आरोपी ने युवती को पत्नी बनाकर अपने घर ले आया, जहां कुछ दिनों तक वह उसके साथ रहा। इसके बाद जुलाई 2024 में वह काम की तलाश में गोवा चला गया। पीड़िता ने बताया कि आरोपी ने धीरे-धीरे उससे दूरी बनानी शुरू कर दी और बातचीत भी बंद कर दी। जब उसने आरोपी के परिवार से पूछताछ की, तो कोई ठोस जानकारी नहीं मिली।
शादी से इनकार और पुलिस शिकायत
कुछ महीनों बाद आरोपी वापस आया और फिर से शादी का प्रस्ताव रखा, लेकिन कुछ दिनों में शादी से साफ मना कर दिया। इससे पीड़िता को एहसास हुआ कि उसे धोखा दिया गया है। पीड़िता ने 6 अगस्त को कोल्हेनझरिया पुलिस चौकी में जाकर पूरी आपबीती बताई। पुलिस ने तुरंत धारा 376 के तहत एफआईआर दर्ज की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी ने अपराध स्वीकार किया
जशपुर के SSP शशि मोहन सिंह ने बताया कि आरोपी से पूछताछ में उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां उसे न्यायालय ने जेल भेज दिया है।





