Jagdalpur VIP Convoy Accident 2026 : Jagdalpur में नेशनल हाईवे-30 पर हुआ हादसा सिर्फ एक सड़क दुर्घटना नहीं, बल्कि लापरवाही की एक बड़ी तस्वीर बनकर सामने आया है। बताया जा रहा है कि पूर्व मंत्री के काफिले की फॉलो गाड़ी रायपुर से जगदलपुर की ओर आ रही थी और काफिले को कवर करने की जल्दबाजी में तेज रफ्तार से चल रही थी।
बालेंगा पेट्रोल पंप के पास हुआ टक्कर
यह घटना बस्तर थाना क्षेत्र के Balenga Petrol Pump के पास हुई, जहां तेज रफ्तार फॉलो गाड़ी ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
CCTV में कैद हुई रफ्तार की भयावहता
घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें गाड़ी की तेज रफ्तार साफ नजर आ रही है। टक्कर के बाद दूसरा युवक उछलकर दूर जा गिरा और सामने से आ रहे ट्रक में बाइक फंस गई। घायल युवक को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी भी मौत हो गई।
गुस्साए ग्रामीणों ने चालक को घेरा
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने आक्रोश में आकर वाहन चालक को घेर लिया। सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। इस दौरान क्षेत्र में कुछ समय के लिए तनाव का माहौल भी बन गया।
तेज रफ्तार और VIP कल्चर पर उठे सवाल
प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और वाहन का संतुलन बिगड़ना हादसे की वजह बताया जा रहा है। हालांकि इस घटना ने एक बार फिर VIP काफिलों की सुरक्षा व्यवस्था और आम लोगों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
जांच में जुटी पुलिस, जवाब का इंतजार
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई की जा रही है। इस हादसे ने सड़क सुरक्षा और VIP मूवमेंट के बीच संतुलन को लेकर गंभीर बहस छेड़ दी है।


