सीजी भास्कर, 28 दिसंबर। अजय देवगन की सुपरहिट सस्पेंस-थ्रिलर ‘दृश्यम’ (Jaideep Ahlawat) के तीसरे पार्ट का फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। अब अजय देवगन फिल्म दृश्यम 3 को लेकर एक बड़ा अपडेट सामने आया है। बीते दिनों फिल्म ‘दृश्यम 3’ का टीजर रिलीज किया गया था और टीजर के साथ उन्होंने फिल्म की रिलीज डेट भी अनाउंस कर दी है। वहीं ‘धुरंधर’ की सफलता के बीच अक्षय खन्ना के फिल्म दृश्यम 3 में होने को लेकर विवाद शुरू हो गया है। अभिनेता के फिल्म को छोड़ने की खबर के बीच अब निर्माता ने बड़ा बयान दिया है। खबरें हैं कि, फिल्म में अक्षय की जगह एक्टर जयदीप अहलावत को कास्ट कर लिया गया है।
फिल्म के निर्माता का बयान
हाल ही में रिलीज हुई आदित्य धर की फिल्म ‘धुरंधर’ में अक्षय खन्ना ने निगेटिव रोल निभाकर दर्शकों से जमकर तारीफें बटोरी थीं। रणवीर सिंह और संजय दत्त जैसे सितारों के साथ उनकी मौजूदगी को फिल्म की बड़ी ताकत माना गया। बॉक्स ऑफिस पर फिल्म की रिकॉर्डतोड़ कमाई के बाद यह चर्चा तेज हो गई थी कि अक्षय खन्ना एक बार फिर अपने करियर के पीक पर पहुंच चुके हैं। इसी बीच ‘दृश्यम 3’ को लेकर आई एक बड़ी खबर ने सबका ध्यान खींचा।
निर्माता कुमार मंगत पाठक ने ‘बॉलीवुड हंगामा’ से बात करते हुए इस बात की पुष्टि की कि फिल्म में अक्षय खन्ना की जगह अब जयदीप अहलावत (Jaideep Ahlawat) नजर आएंगे। इतना ही नहीं, उन्होंने इस बदलाव को ईश्वर की कृपा बताते हुए जयदीप को अक्षय से बेहतर अभिनेता तक कह डाला। निर्माता के मुताबिक, ‘दृश्यम’ जैसी बड़ी फ्रेंचाइजी किसी एक कलाकार पर निर्भर नहीं होती, बल्कि कहानी और ट्रीटमेंट इसकी असली ताकत हैं।
अक्षय पर साध दिया निशाना
कुमार मंगत का यह बयान यहीं नहीं रुका। उन्होंने यह भी इशारा किया कि कुछ कलाकार मल्टी-स्टारर फिल्मों की सफलता के बाद खुद को सुपरस्टार समझने लगते हैं। उनके अनुसार, सिर्फ एक सफल फिल्म किसी अभिनेता को बॉक्स ऑफिस का गारंटी स्टार नहीं बना देती। यह टिप्पणी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गई और फैंस दो गुटों में बंटते नजर आए।





