जशपुर। Jashpur Bus Accident: छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया, जब करडेगा से कुनकुरी की ओर आ रही एक यात्री बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसा इतना भयावह था कि मौके पर ही 6 यात्रियों की मौत हो गई, जिनमें एक मासूम बच्चा भी शामिल बताया जा रहा है। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के ग्रामीण तत्काल मदद के लिए दौड़ पड़े।
करडेगा-कुनकुरी मार्ग पर हुआ हादसा, बस में सवार थे दो दर्जन से अधिक यात्री
प्राप्त जानकारी के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त बस अनमोल बस एजेंसी की बताई जा रही है, जो करडेगा से कुनकुरी की ओर जा रही थी। बस में करीब दो दर्जन से अधिक यात्री सवार थे। करडेगा चौकी क्षेत्र के गोड़ाअंबा के पास बस अचानक अनियंत्रित हो गई और पलट गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बस पलटते ही यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और कई लोग सीटों के बीच फंस गए।
स्थानीय लोगों ने शुरू किया रेस्क्यू, घायलों को अस्पताल भेजा गया
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों ने राहत और बचाव कार्य शुरू किया। कई घायलों को तुरंत बाहर निकालकर एम्बुलेंस के जरिए कुनकुरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। बताया जा रहा है कि करीब 9 लोग गंभीर रूप से घायल हैं, जिनका इलाज जारी है। मौके पर पुलिस और प्रशासन की टीम भी पहुंच गई है और घायलों को बेहतर इलाज दिलाने की व्यवस्था की जा रही है।
प्रशासन हुआ अलर्ट, घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश
घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासनिक अमला सक्रिय हो गया। मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय की ओर से भी घायलों के बेहतर इलाज के लिए तत्काल निर्देश जारी किए गए हैं। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक तौर पर बस के अनियंत्रित होने को हादसे की वजह माना जा रहा है, हालांकि पूरी सच्चाई जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी।





