सीजी भास्कर, 10 मार्च |
शहर के किल्लौद ब्लाक के गांव कुकढाल में इंदिरा सागर के बैकवाटर से निकले पत्थरों में पैदा हो रही चुंबकीय शक्ति ने सबको चौंका दिया है। कलेक्टर ऋषव गुप्ता ने भी जब पत्थरों से चुंबक चिपकते देखा, तो वे हैरान हो गए।
उन्होंने इन पत्थरों की जांच खनिज विभाग के माध्यम से लैब में कराने की बात कही है। अनुमान लगाया जा रहा है कि जिस गांव में ये पत्थर पाए गए हैं, वहां बड़ी मात्रा में खनिज संपदा पाई जा सकती है।
सोमवार को ग्राम गड़बड़ी माल निवासी गिरवर सिंह राजपूत अपने साथियों के साथ चुंबकीय पत्थर लेकर कलेक्टर कार्यालय पहुंचे। थैली में रखे अलग-अलग तरह के पत्थर ग्राम कुकढाल से लेकर आए थे।
चुंबक से चिपक रहे पत्थर
- राजपूत ने बताया कि कुछ दिनों पूर्व वे अमावस्या पर ग्राम कुकढाल से लगे जंगल के बैकवाटर में स्नान करने गए थे। उस दौरान उन्होंने इन पत्थरों को देखा। छोटे होने के बाद भी वजन में भारी और अजीब नजर आने वाले पत्थरों को ये अपने घर ले आए।
- इसके बाद इन पर चुंबक लगाकर देखा, तो पत्थर चुंबक के संपर्क में आते ही चिपकने लगे। कुछ पत्थर ऐसे भी थे, जो बिना मशीन के तराशे हुए नजर आ रहे थे।
कलेक्टर ने जताया आश्चर्य
संग्रहित किए गए इन पत्थरों को लेकर राजपूत कलेक्टर कार्यालय पहुंचे। कलेक्टर को उन्होंने पत्थरों पर चुंबक लगाकर दिखाया। इस पर कलेक्टर ने आश्चर्य जताया और कहा कि खनिज विभाग से पत्थरों की जांच कराई जाएगी। आपको बता दें कि कुकढाल में जहां लोह तत्व मिश्रण वाले पत्थर पाए गए हैं, वह वन विभाग का क्षेत्र है।