सीजी भास्कर, 11 अक्टूबर। बीजापुर पीड़िया क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर माओवादियों द्वारा प्लांट किए गए प्रेशर आइईडी (Maoist IED Blast) की चपेट में आकर एक आदिवासी बालक गंभीर रूप से घायल हो गया। यह घटना गंगालूर थाना क्षेत्र के एक ग्रामीण इलाके में हुई, जिससे क्षेत्र में दहशत और आक्रोश दोनों फैल गया है। घायल बालक को केंद्रीय रिजर्व पुलिस की 199 और 85 वाहिनी के जवानों ने तत्काल प्राथमिक उपचार देकर जिला अस्पताल बीजापुर भेजा, जहां उसका इलाज जारी है।
सुरक्षा बलों ने घटना के बाद आसपास के जंगलों में सर्च ऑपरेशन (Maoist IED Blast) शुरू कर दिया है। बीजापुर एसपी डॉ. जितेंद्र यादव ने कहा कि आम नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और ऐसे कृत्यों में शामिल माओवादियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। यह घटना एक बार फिर साबित करती है कि नक्सली आम लोगों की जान की परवाह किए बिना हिंसक रणनीति अपना रहे हैं।
नारायणपुर जिले में पांच किलो की आइईडी बरामद
नारायणपुर जिले के धनोरा थाना क्षेत्र के ग्राम इकनार के जंगल में सुरक्षा बलों को कुकर में प्लांट की गई आइईडी (Maoist IED Blast) बरामद हुई। बीडीएस टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे सुरक्षित तरीके से नष्ट कर दिया। यह विस्फोटक सुरक्षाबलों को निशाना बनाने के इरादे से लगाया गया था।
पुलिस अधीक्षक राबिंसन गुड़िया, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अक्षय साबद्रा और अजय कुमार (माओवाद आप्स) के नेतृत्व में चलाए जा रहे डी-माइनिंग और सर्च अभियान के दौरान यह आइईडी बरामद हुई। पुलिस ने आसपास के इलाके में तलाशी बढ़ा दी है ताकि अन्य विस्फोटक उपकरणों का पता लगाया जा सके। सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि हाल के दिनों में माओवादी फिर से सक्रिय हो रहे हैं, इसलिए जंगल इलाकों में लगातार सर्च और डी-माइनिंग ऑपरेशन जारी रहेगा।





