Missing Girls Recovered Safely : अर्जुन नगर क्षेत्र से लापता हुई तीन नाबालिग बालिकाओं को पुलिस ने सकुशल दस्तयाब कर लिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर तत्काल विशेष टीमें सक्रिय कर दी गईं।
नाराज होकर घर से निकली थीं बालिकाएं
जानकारी के अनुसार, 06 फरवरी 2026 की शाम लगभग 4 बजे थाना सुपेला अंतर्गत अर्जुन नगर कैंप-1 की तीन बालिकाएं परिजनों से नाराज होकर बिना बताए घर से निकल गई थीं। 07 फरवरी को परिजनों की रिपोर्ट पर थाना सुपेला में गुमशुदगी दर्ज कर विधिवत जांच शुरू की गई।
चार विशेष टीमों का गठन
घटना सामने आते ही नगर पुलिस अधीक्षक और बाल विरुद्ध अपराध शाखा के नेतृत्व में चार अलग-अलग विशेष टीमों का गठन किया गया। टीमों को अलग-अलग दिशाओं और संभावित स्थानों पर सर्च ऑपरेशन के लिए तैनात किया गया।

CCTV और गवाहों से मिली अहम कड़ी
जांच के दौरान आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की बारीकी से जांच की गई। साथ ही स्थानीय गवाहों से पूछताछ कर बालिकाओं की मूवमेंट को ट्रेस किया गया। रेलवे मार्ग की आशंका को देखते हुए संबंधित एजेंसियों से भी संपर्क किया गया।
उसलापुर स्टेशन से सकुशल बरामदगी
मिले इनपुट्स के आधार पर रेलवे पुलिस की मदद से तीनों बालिकाओं को उसलापुर रेलवे स्टेशन, जिला बिलासपुर से सुरक्षित बरामद किया गया। किसी प्रकार की अप्रिय घटना सामने नहीं आई, जिससे परिजनों और पुलिस ने राहत की सांस ली।
चिल्ड्रन होम में सुरक्षित रखा गया
बरामदगी के बाद नियमानुसार तीनों बालिकाओं को सुरक्षित चिल्ड्रन होम में रखा गया है। सूचना मिलते ही परिजन पुलिस टीम के साथ बिलासपुर रवाना हुए, जहां आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है ।
समन्वय से मिली सफलता
इस पूरी कार्रवाई में सुपेला पुलिस, महिला एवं बाल सुरक्षा इकाई, विशेष जांच टीमों के साथ-साथ रेलवे पुलिस और चाइल्ड लाइन के बीच बेहतर समन्वय देखने को मिला, जिससे समय रहते बालिकाओं को सुरक्षित खोज लिया गया।
पुलिस की नागरिकों से अपील
पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि बच्चों से जुड़ी किसी भी असामान्य स्थिति या गुमशुदगी की जानकारी तुरंत नजदीकी थाना या आपात सेवा पर दें। समय पर सूचना मिलने से बड़ी अनहोनी को रोका जा सकता है।




